(रणभेरी): महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की जान चली गई। वहीं एक अन्य छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना उस समय हुई, जब गुरुकुल में मौजूद छात्र पानी की टंकी की सफाई करने के लिए उसके अंदर उतरे थे।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे गुरुकुल परिसर में बनी पानी की टंकी से दुर्गंध आने के बाद उसकी सफाई करने का निर्णय लिया गया। सबसे पहले एक छात्र टंकी के अंदर गया, लेकिन कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। काफी देर तक उसके जवाब नहीं देने पर अन्य छात्रों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की। इसी दौरान एक-एक कर चार और छात्र टंकी में उतर गए और वे भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गुरुकुल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को टंकी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक छात्र का उपचार गंभीर हालत में जारी है।

मृतकों की पहचान मनु कटारे (20), देवांश (17), विशु (18) और आर्यन (18) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल छात्र रुद्राक्ष (18) बताया गया है। मृत छात्रों में मनु कटारे जबलपुर और देवांश विदिशा (मध्य प्रदेश) के रहने वाले थे। वहीं आर्यन कौशांबी और विशु मेरठ के निवासी बताए गए हैं।

करीब 12 फीट गहरी थी टंकी
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छात्रों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि गुरुकुल परिसर में लगभग 12 फीट गहरी पानी की सबमर्सिबल टंकी थी। टंकी से दुर्गंध आने के बाद उसकी सफाई के लिए छात्र उसमें उतरे थे। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि टंकी के भीतर बनी जहरीली गैस के कारण छात्रों की तबीयत बिगड़ी।
प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और गुरुकुल का संचालन किस तरह किया जा रहा था, इसकी भी जांच की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि घटना बेहद दुखद है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए घटना की जानकारी ली है।
