सलोरी में मकान और प्लॉट की बाउंड्री तोड़ने को लेकर हुआ विवाद; पेट में गोली लगने से गई जान, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया
(रणभेरी): शहर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। सलोरी इलाके में 52 वर्षीय अधिवक्ता सतीश कुमार श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव ने पड़ोसी देवेंद्र नाथ मिश्रा और उसके साथ आए लोगों पर मकान में घुसकर तोड़फोड़ करने, मारपीट करने और उनके पति को गोली मारने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों और साथी अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई।
जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप
वर्षा श्रीवास्तव के मुताबिक, देवेंद्र नाथ मिश्रा पिछले एक से दो साल से उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। इस संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत की गई थी। उनका कहना है कि जमीन के दस्तावेज परिवार के पास हैं और संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, सतीश श्रीवास्तव, उनकी पत्नी और दोनों बेटियां गुरुवार को कॉलेज में थे। इसी दौरान सतीश का फोन आया कि सलोरी स्थित मकान में कुछ लोग घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। वहां मकान का ताला तोड़े जाने और पीछे स्थित प्लॉट की बाउंड्री क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पहले मारपीट, फिर पेट में मारी गोली
वर्षा का आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। उन्होंने देवेंद्र नाथ मिश्रा के बेटों समेत कई लोगों के घटना में शामिल होने की बात कही है। उनके मुताबिक, विवाद के दौरान सतीश श्रीवास्तव पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। इसके बाद एक व्यक्ति ने रिवॉल्वर निकालकर उनके पेट में गोली मार दी।
गोली लगने से सतीश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पत्नी ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वारदात होने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कॉलेज में लैब अटेंडेंट भी थे सतीश
सतीश कुमार श्रीवास्तव सलोरी में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह अधिवक्ता होने के साथ ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में लैब अटेंडेंट के पद पर भी कार्यरत थे। उनकी पत्नी वर्षा एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं, जबकि उनकी बेटी वैष्णवी निजी कॉलेज में पढ़ाती हैं। परिवार में उनकी दो बेटियां हैं।
पत्नी के अनुसार, जमीन को लेकर विवाद शुरू होने से पहले दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से परिचय था। उनका आरोप है कि वाहन खड़ा करने के लिए जगह देने के बाद संपत्ति पर कब्जे की कोशिशें शुरू हुईं और मामला पुलिस तथा अदालत तक पहुंच गया।
पुलिस ने तीन टीमें बनाईं, कुछ लोग हिरासत में
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, देवेंद्र नाथ मिश्रा और सतीश श्रीवास्तव के बीच नजूल संपत्ति को लेकर पहले से विवाद था। देवेंद्र नाथ मिश्रा अपर शासकीय अधिवक्ता (एजीए) हैं। पुलिस का कहना है कि गुरुवार को विवादित संपत्ति पर ताला तोड़े जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान गोली चलने से सतीश श्रीवास्तव घायल हो गए।
परिजनों की शिकायत के आधार पर कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।
शव के अंतिम संस्कार को लेकर अड़े रहे परिजन
घटना के बाद परिजनों और साथी अधिवक्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कई घंटे तक विरोध किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी बहस भी हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले की शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
डीसीपी सिटी सागर जैन समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के अनुसार, मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वालों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जमीन विवाद में हुई इस हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
