केराकत क्षेत्र के खटहरा गांव में हादसा, टेंट के पाइप में करंट उतरने की आशंका; परिवार का इकलौता बेटा था मासूम
(रणभेरी): केराकत कोतवाली क्षेत्र के खटहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के पास हुए हादसे में सात वर्षीय बालक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि पंडाल में लगाए गए टेंट के लोहे के पाइप में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था। इसकी चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिवार में चीख-पुकार के बीच पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान खटहरा निवासी नीरज सरोज के बेटे रिव्यांश सरोज उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। वह मुर्तजाबाद-बगथरी स्थित माइक्रोटेक विद्यालय में एलकेजी का छात्र था। परिवार में अपनी दो वर्षीय बहन से बड़ा रिव्यांश इकलौता बेटा था। उसके पिता मुंबई-नासिक क्षेत्र में एक डेयरी कंपनी में काम करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
टेंट के पाइप में करंट उतरने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में दुर्गा पूजा के लिए पंडाल तैयार करने का काम गोलू टेंट हाउस को सौंपा गया था। इसी दौरान टेंट में इस्तेमाल किए गए पाइप में करंट उतरने की बात सामने आई है। आशंका है कि इसी के संपर्क में आने से बालक हादसे का शिकार हो गया। हालांकि, बिजली का करंट पाइप तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही केराकत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा चंदवक, जलालपुर और गौराबादशाहपुर थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभालने में जुटी। घटना के बाद शव के पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार को लेकर परिजनों व ग्रामीणों के बीच अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोग तत्काल अंतिम संस्कार कराने के पक्ष में थे, जबकि कुछ ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही।
इकलौते बेटे की मौत से टूट गया परिवार
रिव्यांश की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस बच्चे की किलकारियों से घर गुलजार रहता था, उसकी असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। माता-पिता के लिए इस दुख को सहन करना मुश्किल हो रहा है। वहीं, गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।
