डिप्टी सीएम की मौजूदगी में अयोध्या में भाजपा नेताओं की आपसी भिड़ंत

डिप्टी सीएम की मौजूदगी में अयोध्या में भाजपा नेताओं की आपसी भिड़ंत

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बृहस्पतिवार को अयोध्या पहुंचे, जहां वह पूर्व विधायक खब्बू तिवारी की माता के तेरहवीं संस्कार में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब मंच पर ही भारतीय जनता पार्टी के दो वरिष्ठ नेता आपस में उलझ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद पांडेय के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। यह घटनाक्रम मंच पर उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुआ, जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित हुई।

हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों नेताओं को अलग कराया और स्थिति को संभाल लिया। इसके बाद कार्यक्रम पुनः सामान्य रूप से आगे बढ़ा।

इस पूरे घटनाक्रम का किसी व्यक्ति द्वारा वीडियो बना लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पार्टी के भीतर अनुशासन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

उक्त कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता भी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *