दहेज में कार नहीं मिली तो पति ने तीन तलाक देकर पत्नी को चौराहे पर छोड़ा

दहेज में कार नहीं मिली तो पति ने तीन तलाक देकर पत्नी को चौराहे पर छोड़ा

दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने पुलिस से की शिकायत, पति समेत पांच पर मुकदमा

(रणभेरी): दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने और तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी के साथ मारपीट करने के बाद उसे अली मोहम्मद चौराहे पर छोड़ दिया। परिवार की ओर से सुलह की कोशिशें चलती रहीं, इसी दौरान पति ने कथित तौर पर दूसरी शादी कर ली। इसकी जानकारी मिलने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली नगर पुलिस ने रविवार शाम पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

दिसंबर में हुई थी शादी

रैवाड़ी मोहल्ला निवासी सुभान सैफी ने बताया कि उनकी 28 वर्षीय बेटी मंतशा की शादी 3 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ निवासी शारिक सैफी से हुई थी। शारिक दिल्ली में एसी रिपेयरिंग का काम करता है। परिवार के मुताबिक शादी में करीब पांच लाख रुपये नकद के अलावा जेवर और घरेलू सामान दिया गया था।

आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर से कार की मांग शुरू कर दी गई। महिला का कहना है कि उससे बार-बार मायके से कार लाने को कहा जाता था और दहेज को लेकर ताने दिए जाते थे।

चौराहे पर छोड़ने का आरोप

मंतशा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 15 फरवरी को पति और ससुराल के लोग उसे वाहन से लेकर गए और एटा के अली मोहम्मद चौराहे पर उतार दिया। महिला के मुताबिक, इसी दौरान पति ने कथित तौर पर तीन बार तलाक बोलकर उससे रिश्ता खत्म करने की बात कही।

परिवार का कहना है कि इसके बाद उन्होंने कई बार ससुराल पक्ष से बातचीत कर मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसी बीच उन्हें शारिक की दूसरी शादी की जानकारी मिली।

सास-ससुर पर भी लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में सास समीम बानो पर पति को उसके खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया है। वहीं ससुर नईम अख्तर पर शराब के नशे में घर आने और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।

मंतशा का यह भी आरोप है कि पति दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में काम करने के दौरान ‘कोमल’ नाम की एक किन्नर के संपर्क में था। महिला ने दावा किया कि पति उस व्यक्ति की बातों से प्रभावित होकर उससे दूरी बनाने लगा था। पुलिस ने इन आरोपों को भी शिकायत का हिस्सा बनाया है।

पिता बोले- क्षमता से ज्यादा खर्च कर बेटी की शादी की

मंतशा के पिता सुभान सैफी का कहना है कि उनकी बेटी इकलौती बेटी है और उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार शादी में काफी खर्च किया। उनका दावा है कि पांच लाख रुपये नकद देने के साथ सोने-चांदी के आभूषण, एसी, फ्रिज और अन्य सामान भी दिया गया था। शादी के लिए बैंक से कर्ज लेने और रिश्तेदारों से उधार लेने की बात भी उन्होंने कही।

सुभान का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज के लिए दबाव बनाने लगा था। परिवार ने कई बार पंचायत के जरिए विवाद खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज

कोतवाली नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि शिकायत के आधार पर शारिक सैफी, उसके पिता नईम अख्तर, मां समीम बानो, बहन शाइस्ता और बहनोई आसिफ सैफी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी अलीगढ़ के रहने वाले हैं। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *