एशियन गेम्स के फाइनल में भारत, श्रीलंका को 124 रन से रौंदा; अब पाकिस्तान से होगा मुकाबला

एशियन गेम्स के फाइनल में भारत, श्रीलंका को 124 रन से रौंदा; अब पाकिस्तान से होगा मुकाबला

(रणभेरी): भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में 124 रन से शिकस्त दी। अब शनिवार को स्वर्ण पदक के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। एशियन गेम्स के क्रिकेट इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ईशान किशन ने मोर्चा संभालते हुए नाबाद 80 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने महज 21 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम महज 45 रन बनाकर 9.5 ओवर में पवेलियन लौट गई। श्रीलंका के छह बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। इसके अलावा तीन श्रीलंकाई बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटे।

श्रीलंका के खिलाफ टी-20 में भारत की सबसे बड़ी जीत

इस जीत के साथ भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले भारतीय टीम की सबसे बड़ी जीत 93 रन की थी, जो 2017 में कटक में दर्ज की गई थी।

आखिरी ओवरों में बिखरी श्रीलंकाई पारी

श्रीलंका की पारी का अंत बेहद तेजी से हुआ। 10वें ओवर में भारत ने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट हासिल किए। तीसरी गेंद पर तिलक वर्मा की फील्डिंग से थारिंदु रत्नायके रन आउट हुए। इसके बाद चौथी गेंद पर अभिषेक शर्मा ने चमिका करुणारत्ने को स्टंप आउट कराया। अगली गेंद पर अभिषेक ने बिनुरा फर्नांडो को क्लीन बोल्ड कर श्रीलंका की पारी समाप्त कर दी।

पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित मैच में बांग्लादेश को हराया

दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 6 विकेट से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। बारिश के कारण मुकाबले को घटाकर 13-13 ओवर का कर दिया गया था।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 13 ओवर में 7 विकेट खोकर 111 रन बनाए। पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 11.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अब शनिवार को एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। दोनों टीमों के बीच यह एशियन गेम्स में क्रिकेट का पहला मुकाबला होगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *