संदिग्ध हालात में सिर में गोली लगने से युवक की मौत, मौके से मिला सुसाइड नोट,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

संदिग्ध हालात में सिर में गोली लगने से युवक की मौत, मौके से मिला सुसाइड नोट,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

(रणभेरी): देहात जमुनिया स्थित एक किराए के मकान में रह रहे छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में सिर में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक क्षेत्र के ही सिनहर कला गांव का निवासी था। जो किराये के मकान में रहकर प्राइवेट विद्यालय में पढ़ाने और खुद की पढ़ाई कर रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस तहकीकात में जुटी है। सोमवार सुबह मकान के छत पर युवक का रक्तरंजित शव मिला। गोली उसके सिर में लगी है। देसी तमंचा उसके दाहिने हाथ में फंसा हुआ मिला। ट्रिगर में अंगूठा था। युवक पास के ही प्राइवेट विद्यालय में पढ़ाता था।

देहात कोतवाली क्षेत्र के खुटहा निवासी अजय यादव (20) पुत्र लक्ष्मी शंकर यादव पिछले चार वर्ष से जमुनिया स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। मकान के ग्राउंड फ्लोर के कमरे में वह रहता था। वो पढ़ाई करने के साथ बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाता था। सोमवार की सुबह जब एक बच्चा कोचिंग पढ़ने के लिए आया लेकिन वह कमरे में नहीं था। उसकी खोजबीन की जाने लगी तो मकान के छत पर उसका शव मिला। उसके बाएं हाथ में तमंचा पड़ा था। कमरे की तलाशी लेने पर उसमें एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में उसने तमंचा मिलने से लेकर अन्य कारणों को बताया। सुसाइड नोट में आर्थिक समस्याओं का जिक्र करने के साथ ही उसने खुद के शव को गांव में अंतिम संस्कार ना करने को लिखा था। जमुनहिया में ही अंतिम संस्कार किए जाने का भी जिक्र किया। 

उसने सुसाइड नोट में तमंचा मिलने के बारे में भी  जिक्र किया है। शव मिलने की सूचना मकान मालिक ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर देहात कोतवाल विपिन सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति, सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी डाग स्क्वाड और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए। पुलिस की मानें तो प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। एसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि किराए के मकान में रह रहे छात्र ने सुसाइड नोट लिखकर खुद को गोली मारकर जान दी है।  मामले की जांच की जा रही है।