कुर्बानी के जज्बे के साथ लाखों मुसलमानों ने अदा की ईद-उल-अजहा की नमाज

लखनऊ। हजरत इब्राहिम अलै. की अजीम कुर्बानी को याद करते हुए शनिवार को लाखों मुसलमानों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अकीदत से अदा की। शहर की तमाम मस्जिदों और ईदगाहों में कुर्बानी के जज्बे के साथ अल्लाह की बारगाह में सजदा कर अपने रब के सर्वशक्तिमान होने का इकरार किया गया।
ईदगाह और टीले वाली मस्जिद में हजारों की तादात में मुसलमान नमाज में शामिल हुए। वहीं, शिया समुदाय ने आसिफी मस्जिद में नमाज अदा की। देश व प्रदेश में अमन, भाईचारे, बेरोजगारी दूर होने के साथ ही बारिश के लिए दुआ मांगी गई। नमाज के बाद मुसलमानों ने अल्लाह की राह में कुर्बानी देकर हजरत इब्राहिम अलै. और हजरत इस्माइल अलै. की कुर्बानी की याद को ताजा किया। पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने ईदगाह पहुंच कर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।
ईद-उल-अजहा पैगंबर हजरत इब्राहिम अलै. की उस अजीम कुर्बानी की याद दिलाता है जिसमें उन्होंने अल्लाह के हुक्म से अपने प्यारे बेटे हजरत इस्माईल अलै. की सहमति से उनकी कुर्बानी देने से भी पीछे नहीं हटे। उसी कुर्बानी की याद में ईद-उल-अजहा का त्योहार अकीदत के साथ मनाया गया। ऐशबाग ईदगाह, आसिफी मस्जिद और टीले वाली मस्जिद में सबसे बड़ी जमात में नमाज अदा की गई।
ऐशबाग ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। खुतबे से पहले मौलाना फरंगी महली ने हजरत इब्राहिम अलै. की कुबार्नी पर रोशनी डाली। वहीं आसिफी मस्जिद में मौलाना सरताज हैदर ने मौलाना कल्बे जवाद की मौजूदगी में नमाज अदा कराई। खुतबे से पहले मौलाना कल्बे जवाद नकवी ने कुर्बानी और हज की फजीलत व अहमियत बताई।
टीले वाली मस्जिद में नमाज की इमामत मौलाना फजलुल मन्नान रहमानी ने की। नमाज से पहले मौलाना ने मुसलमानों से समाज की बुराईयों का खात्मा करने के साथ ही आपसी इत्तेहाद और अमन कायम रखने पर जोर दिया। वहीं, दरगाह शाहमीना शाह मस्जिद, गोमती नगर, खदरा सहित शहर की तमाम ईदगाह और मस्जिदों में लाखों लोगों ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की।