यूपी में भीषण गर्मी दिखाएगी तांडव, पारा 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान,जानें मौसम विभाग का अलर्ट

वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश में अब फिर गर्मी अपना कहर दिखाएगी। बनारस समेत पूरे पूर्वांचल में अब तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। सभी जिलों में शुष्क मौसम रहने का अलर्ट है। जिलों में तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार करेगा।
मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि अब मौसम साफ रहेगा। धूप चटकदार होगी और तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगले पांच दिनों तक बनारस तपेगा। 11 जून तक पुरवा चलने से मौसम फिर से खुशनुमा हो सकता है। बृहस्पतिवार को बनारस का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। इसके साथ ही बनारस प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में 17 किमी प्रति घंटे की गति से बही पछुआ और पुरवा के चलते हल्के बादल भी छाए, मगर इसने बारिश कराने के बजाय हद से ज्यादा उमस ही बढ़ाया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ निचले क्षोभमंडल यानी कि 2-3 किमी ऊपर बना द्रोणी अब पूर्वांचल से पूर्वी दिशा में खिसक रहा है। ऐसे में आसपास कोई भी प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है।