सिंगर केके को दी गई सलामी, सीएम ममता बनर्जी और परिवार के सदस्य भी थे मौजूद

सिंगर केके को दी गई सलामी, सीएम ममता बनर्जी और परिवार के सदस्य भी थे मौजूद

(रणभेरी):  बॉलीवुड के मशहूर सिंगर केके (कृष्ण कुमार कुन्नथ) की 53 वर्ष की आयु में कोलकाता में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वो कोलकाता में एक लाइव शो कर रहे थे, शो के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वह गिर गए। जिसके बाद वह होटल लौट आए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।  केके के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

म्यूजिक कंपोजर और सिंगर एआर रहमान ने केके की मौत पर दुख जताया है। रहमान ने ट्वीट कर केके को याद करते हुए लिखा- डियर केके... क्या जल्दी थी दोस्त। आपके जैसे गिफ्टेड सिंगर्स और आर्टिस्ट ने जिंदगी को और ज्यादा सहने लायक बनाया। अक्षय कुमार ने केके के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा- केके ने मेरी फिल्म 'एयरलिफ्ट' के लिए गाना गाया था जो मेरे दिल के बेहद करीब है। फिल्म के क्लाइमेक्स का वह गाना मैं अक्सर गुनगुनाता रहता हूं। परिवार के लिए यह दुख की घड़ी है. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। 

एसएसकेएम अस्पताल से केके का शव रबिंद्र सदन पहुंचा है। उनके कॉफिन को कोलकाता पुलिस जवान ने कैरी किया है।  केके के पार्थिव शरीर को कोलकाता में गन सैल्यूट दिया गया। यहां पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केके के परिवार के साथ मौजूद रहीं। केके को अंतिम विदाई देने सिंगर और राजनेता बाबुल सुप्रियो भी पहुंचे हैं। सिंगर केके को अंतिम विदाई देने के लिए परिवार कोलकाता में हैं। नम आंखों के साथ सिंगर केके के परिवार ने अंतिम दर्शन किए हैं। साथ ही सिंगर को परिवार की मौजूदगी में सलामी दी जा रही है। इसके अलावा सीएम ममता बनर्जी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंची हैं। इसके बाद अब सिंगर के शव को मुंबई ले जाया जाएगा।  शाम 5.15 बजे की फ्लाइट से केके का परिवार सिंगर के पार्थिव शरीर के साथ मुंबई के लिए रवाना होगा। ये प्लाइट करीब 7.45 बजे मुंबई पहुंचेगी। केके का अंतिम संस्कार कब किया जाएगा इस पर फिलहाल सस्पेंस है।