राहुल गांधी ने बूथ कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कहा- चुनाव चोरी के ब्लैक एंड व्हाइट सबूत मिले

राहुल गांधी ने बूथ कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कहा- चुनाव चोरी के ब्लैक एंड व्हाइट सबूत मिले

(रणभेरी): कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “पहले हमें लगता था कि चुनाव परिणाम में दाल में कुछ काला है, लेकिन महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव परिणाम देखने के बाद हमें वोट चोरी के ब्लैक एंड व्हाइट सबूत मिले हैं। जनता से उनका हक छीना जा रहा है।”

राहुल ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें “बब्बर शेर” बताया और कहा कि कांग्रेस संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। इसके बाद उन्होंने होटल शांति ग्रैंड में प्रजापति समाज की बैठक को संबोधित किया और शहर में अशोक स्तंभ का लोकार्पण किया।

लखनऊ एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

सुबह राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने उनका स्वागत किया। यहां से उनका काफिला सीधे रायबरेली के लिए रवाना हुआ। बछरावां कस्बे के मुख्य चौराहे पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाए। राहुल गांधी ने करीब एक मिनट रुककर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध, मंत्री सड़क पर बैठे

दौरे के दौरान हरचंदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टर और बैनर के साथ “राहुल गांधी वापस जाओ” के नारे लगाए गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, जिसके दौरान धक्कामुक्की भी हुई। मंत्री ने पहली बार खुले तौर पर राहुल गांधी का विरोध किया है।

पोस्टर बना चर्चा का विषय

राहुल गांधी के दौरे के बीच शहर में लगे एक पोस्टर ने भी राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। इसमें उन्हें “इंडिया की अंतिम आस, कलयुग के ब्रह्मा, विष्णु, महेश” बताया गया है। इस पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी का यह दो दिवसीय रायबरेली दौरा न केवल कार्यकर्ताओं में जोश भर गया बल्कि भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को भी और तेज कर गया है।