प्रिय सरोज- रिंकू सिंह शादी की तारीख संसद सत्र के बाद तय होगी, लखनऊ में होगी सगाई, पिता ने किया कंफर्म

 प्रिय सरोज- रिंकू सिंह शादी की तारीख संसद सत्र के बाद तय होगी, लखनऊ में होगी सगाई, पिता ने किया कंफर्म

(रणभेरी): टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। संसद सत्र के बाद सगाई और शादी की तारीख तय होगी। लखनऊ में ही सगाई होगी। प्रिया के पिता और जौनपुर की केराकत विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि शादी के सिलसिले में रिंकू के पिता से बृहस्पतिवार को अलीगढ़ में बात हुई है। 

शुक्रवार को मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई की चर्चा खूब रही। सोशल मीडिया पर अलग-अलग बातें लिखी जा रही थीं। इस सिलसिले में सांसद के पिता तूफानी सरोज ने बताया कि दोनों की सगाई अभी नहीं हुई है।  रिंकू सिंह के घर वालों ने हमारे बड़े दामाद जो अलीगढ़ में न्यायिक अधिकारी हैं, उनके पास रिश्ते को लेकर बात की। हम इस रिश्ते पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रहे हैं। शादी का मामला है, इसीलिए अभी बहुत कुछ सोच समझकर फैसला लेना होगा, लेकिन दोनों की सगाई की खबर सही नहीं है।

संसद का सत्र 30-31 जनवरी से शुरू हो रहा है, जो 13 फरवरी तक चलेगा। संसद सत्र के बाद सगाई और शादी की तारीख तय की जाएगी। उधर, क्रिकेटर रिंकू सिंह 22 जनवरी से टी-20 मैच खेलने इंग्लैंड जा रहे हैं। इसके बाद आईपीएल भी खेलेंगे। शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनके साथ 13 करोड़ में अनुबंध किया है। शादी और सगाई की तारीख तय करने में रिंकू की सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। देखा जाएगा कि उनके खेल पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े। तूफानी सरोज ने बताया कि प्रिया की सहेली के पिता क्रिकेटर हैं। उनके जरिये ही रिंकू और प्रिया की जान-पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे को पहले से जानते हैं। दोनों का कहना था कि परिजनों की रजामंदी से शादी करेंगे। अब परिजनों के बीच भी सार्थक बातचीत हो गई है।