पीएम मोदी के जन्मदिन पर 111 करोड़ की योजनाओं का तोहफ़ा, नगर निगम आठ जोन, पांच विधानसभाओं में कराएगा काम, कटेगा 75 किलो का केक

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर नगर निगम की ओर से जनता को 111 करोड़ रुपये की योजनाएं समर्पित की जाएंगी। यह जानकारी सोमवार को नगर निगम मीटिंग हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मेयर अशोक कुमार तिवारी ने दी। इस अवसर पर पीएम का जन्मदिन मनाने के लिए 75 किलो का केक भी काटा जाएगा। मेयर ने बताया कि पहली बार पीएम के जन्मदिन पर नगर निगम की ओर से शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम किया जाएगा।
योजनाओं के तहत
- 383 सड़क निर्माण, मरम्मत, चौका और जलनिकासी के कार्य आठों जोन और पांचों विधानसभा क्षेत्र में होंगे। इन पर 63.76 करोड़ रुपये खर्च कर 65.68 किमी लंबाई का काम कराया जाएगा।
- शहर में 8 ट्रांसफर स्टेशन प्राइमरी कलेक्शन के लिए बनाए जाएंगे, जिन पर 1.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- 75 कुओं की सफाई और जीर्णोद्धार पर 1.18 करोड़ रुपये व्यय होंगे।
- पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे 30 लोगों की क्षमता वाला शेल्टर होम बनाया जाएगा, जिस पर 30.28 लाख रुपये खर्च होंगे।
- कुत्तों का ऑनलाइन पंजीकरण, सचल पशु बंदी वाहन का लोकार्पण और एबीसी सेंटर में बंध्याकरण क्षमता बढ़ाई जाएगी।
रुद्राक्ष में कजरी महोत्सव आज
मेयर ने बताया कि मंगलवार को शाम 6 बजे से रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में कजरी महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें लोकगायिका पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, रागिनी चंद्रा और प्रियंका चौहान अपनी प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम शहर की नौ संस्थाओं के सहयोग से होगा, जबकि नगर निगम केवल सहयोगी की भूमिका में रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि अब हर साल 16 सितंबर को कजरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा।