बनारस में जल्द ही नाईट बाजार

बनारस में जल्द ही नाईट बाजार
  • दो किमी एरिया में डेवलप होगा बाजार, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस रहेगी तैनात
  • पिलर पर काशी की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक झलक भी दिखेगी

वाराणसी (रणभेरी): इंदौर का नाइट बाजार राजवाड़ा अब बनारस में दिखेगा। बनारस में पिंक सिटी के बाद अब इंदौर की झलक भी दिखेगी। उसी की तर्ज पर लहरतारा से चौकाघाट तक बने फ्लाईओवर के नीचे बहुत जल्द ही नाइट बाजार शुरू होगा। यहां पूरी रात शॉपिंग और बनारसी जायका चखने का मौका लोगों को मिलेगा। इसके लिए पहले चरण में 54 दुकानें बनाई जाएंगी। करीब छह करोड़ की लागत से बनने वाले नाइट बाजार के लिए काम शुरू हो गया है, जो मार्च तक पूरा हो जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से पूरा बाजार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा और यहां हमेशा पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। जाम से निजात के लिए तीन जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इन कैमरों के जरिए सिटी कमांड सेंटर से पूरे बाजार की निगरानी होगी। पार्क के साथ ही खूबसूरती के लिए अन्य कार्य कराए जाएंगे। छह करोड़ की लागत से फ्लाईओवर के नीचे करीब दो किमी एरिया में नाइट बाजार तैयार किया जा रहा है।

इसमें जायके की अलग-अलग वेरायटी शामिल होगी। जिसमें बनारसी खान पान, डेली यूज में आने वाले सामान, मेडिकल स्टोर, ट्रेवेल्स, अंडर गारमेंट बैग, मोबाइल रिचार्ज आदि शॉप होंगे। इसके अलावा विश्वनाथ मंदिर के टिकट काउंटर भी होंगे। इंदौर की तर्ज पर काशी को साफ-सुथरा दिखाने के लिए सजाने व संवारने का कार्य जारी है। स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से चौकाघाट से लहरतारा तक फ्लाईओवर में लगे पिलर को इंद्रधुनषी कलर दिया गया है। कई रंगों में पिलरों व नीचे के बीम के साथ ही रेलिंग को रंगा गया है। दिन तो छोड़िए रात की रोशनी में रंगों से भरे पिलर सतरंगी नजर आ रहे हैं। इसके अलावा हर पिलर पर काशी की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक झलक भी दिख रही है। किसी पर गंगा घाट, किसी पर मंदिर तो किसी पर कबीर दास की तस्वीर उकेरी गयी है। रंग भरने के साथ ही फ्लाईओवर के नीचे रौनक बढ़ गई है।