खेत में मिला युवक का शव, पीट कर हत्या की आशंका; सिर और शरीर पर मिले चोट के निशान

खेत में मिला युवक का शव, पीट कर हत्या की आशंका; सिर और शरीर पर मिले चोट के निशान

बलिया । दोकटी थाना क्षेत्र के श्रीपतिपुर गांव के एक युवक का शव शुक्रवार की सुबह खेत में पड़ा मिला। युवक के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। खेत की हालत से लग रहा था कि यहां किसी से उसकी हाथापाई और झगड़ा हुआ था।  वहीं, लाठी से पीट कर युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर दोकटी पुलिस छानबीन में जुटी है। श्रीपतिपुर निवासी कमलेश बिंद पुत्र लालबच्चा विदेश रहता था। दो-ढाई वर्ष पहले लगभग दो बीघा जमीन खरीद कर वहीं डेरा बना रखा था। काफी समय से वह घर पर ही था। गुरुवार की रात अपने पड़ोसी के यहां तिलक में भाग लेने गया था। रात 9 बजे के बाद घर लौटा, इसके बाद घर से कुछ ही दूरी पर बने डेरा पर चला गया। तब से घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव उसके खेत में उसके डेरे से कुछ ही दूरी पर औधे मुंह गिरा पाया गया। सर पर गंभीर चोट के निशान थे। खेत को देखने पर लग रहा था कि मौके पर हाथापाई भी हुई होगी। परिजन शव को लेकर घर पर चले आए। इसकी सूचना मिलते ही गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।