Loksabha By Election 2022 : एक बजे तक रामपुर में 26.39 फीसदी हुई वोटिंग और आजमगढ़ में 29.48 फीसदी मतदान

Loksabha By Election 2022 : एक बजे तक रामपुर में 26.39 फीसदी हुई वोटिंग और आजमगढ़ में 29.48 फीसदी मतदान

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश में रामपुर और आजमगढ़ की लोकसभा क्षेत्र में उप चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। दोनों ही लोकसभा सीट पर केन्द्रीय सुरक्षा बल के साथ ही पुलिस की निगरानी में शाम छह बजे तक मतदान होगा। आजमगढ़ में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। दोपहर एक बजे तक आजमगढ़ में 29.48 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं रामपुर में 26.39 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। पहले दो घंटे में यानी सात से नौ बजे तक कुल 8.56 प्रतिशत मतदान हो गया। दोनों ही जगह से किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नही है।

रामपुर की सीट समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई है, जबकि आजमगढ़ की सीट समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोडऩे से खाली हुई है। दोनों ही लोकसभा क्षेत्र को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। इस उप चुनाव के परिणाम 26 जून को आ जाएंगे। लोकसभा के उप चुनाव में रामपुर में भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है। यहां पर बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने प्रत्याशी नहीं उतारा है। भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी यहां पर आजम खां के बेहद खास आसिम राजा को चुनौती दे रहे हैं। आजमगढ़ में मुकाबला त्रिकोणीय है। यहां पर भाजपा ने दिनेश लाल यादव निरहुआ को मैदान में उतारा है तो समाजवादी पार्टी से अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेन्द्र यादव और बहुजन समाज पार्टी से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ताल ठोंक रहे हैं। यहां पर कुल 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

रामपुर लोकसभा सीट पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। शुरुआती घंटों में मतदान काफी धीमा चल रहा है। सभी बूथों पर दो से चार मतदाता ही नजर आ रहे हैं। रामपुर में बनाया गया पिंक बूथ भी मतदाताओं का इंतजार कर रहा है। पिंक बूथ जिला पंचायत में बना है। इस बूथ से आवास विकास कालोनी, फ्रेंड्स कालोनी, वीआइपी कालोनी के मतदाता जुड़े हैं। इसके कारण यह बूथ वीआइपी बूथ का दर्जा रखता है। यहां हर बार मतदान कम होता है। लोकसभा उप चुनाव में भी सुबह साढ़े आठ बजे यह बूथ सूना पड़ा है। रामपुर में करीब 17 लाख मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। यहां से भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी के साथ ही समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आसिम राजा रामपुर के कद्दावर नेता आजम खां के बेहद करीबी हैं। भाजपा के घनश्याम सिंह दो बार पहले भी 1999 तथा 2009 में लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं।