प्रयागराज में तैराकी सीख रहे ट्रेनर की यमुना नदी में डूबने से मौत, छात्रों ने कोच के खिलाफ की नारेबाजी

 प्रयागराज में तैराकी सीख रहे ट्रेनर की यमुना नदी में डूबने से मौत, छात्रों ने कोच के खिलाफ की नारेबाजी

(रणभेरी): प्रयागराज के इविंग क्रिश्चियन कालेज (ईसीसी) में बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र अमन यादव की यमुना नदी में डूबने से बुधवार को मौत हो गई थी। इससे छात्रों में नाराजगी है। गुरुवार की सुबह कालेज परिसर में हंगाम शुरू कर दिया।आरोप है कि NCC छात्र बिना लाइफ जैकेट के नदी में उतरा, लेकिन कोच ने उसे नहीं रोका। छात्र तैरते-तैरते गहराई में चला गया। साथी छात्रों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था। गोताखोरों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला। छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 20 साल का अमन ईविंग क्रिश्चियन कॉलेज से बायोलॉजी से B.Sc कर रहा था। इसके साथ ही NCC भी कर रहा था।

एसोसिएट NCC ऑफिसर अजीन रे के खिलाफ नारेबाजी की। ECC प्रशासन मुर्दाबाद... तानाशाही नहीं चलेगी... अजीन रे हत्यारा है... जैसे नारे लगाए। न्याय की गुहार लगाई। छात्रों ने कहा- ECC प्रशासन की लापरवाही से आज अमन की मौत हुई है, कल हम लोगों में से भी किसी के साथ ऐसा हो सकता है। छात्रों ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से अजीन रे को निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अमन झूंसी की ब्रह्मपुरी कॉलोनी का रहने वाला था। उसके पिता निरंजन यादव यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर हैं। अमन तीन बहनों में इकलौता भाई था। बुधवार को अमन NCC कोच राकेश कुमार और साथी छात्रों के साथ गऊघाट पहुंचा। यहां वह यमुना नदी में तैराकी सीख रहा था। छात्रों का कहना है कि कोच ने अमन को बिना लाइफ जैकेट के पानी में उतार दिया था। वह तैरते-तैरते गहराई में चला गया। हम लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था। गोताखोरों की मदद से अमन को बाहर निकाला गया। उसे तुरंत स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने पूरी तरह से लापरवाही बरती है। कॉलेज में एक स्विमिंग पूल NCC तैराकों के लिए बना है, लेकिन वहां पर ना ले जाकर अमन को यमुना नदी में बिना लाइव जैकेट के उतार दिया था। इसकी वजह से अमन की मौत हुई है। आरोप लगाया कि अमन ने डूबते वक्त 3 बार बचाने के लिए गुहार भी लगाई थी। यह देखकर कोच राकेश ने कहा कि डूबने दो। ऐसे सीखेगा। अभी ऊपर आ जाएगा, लेकिन अमन बह गया।

छात्रों ने एक लेटर जारी कर अमन की मौत पर शोक जताया है। छात्रों ने आरोप लगाया- ECC कॉलेज के NCC स्टाफ की तरफ से बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ की बहुत बड़ी लापरवाही हुई है। NCC की तरफ से अमन यमुना नदी में तैराकी की प्रैक्टिस करने गया था। NCC स्टाफ बिना किसी लाइफ इंस्ट्रक्टर के किसी छात्र को कैसे भेज सकता है? यमुना नदी में बिना किसी लाइफ इंस्ट्रक्टर या लाइफ जैकेट के तैरने की प्रैक्टिस के दौरान डूबकर अमन की मौत हो गई।