फर्रुखाबाद में 5 महीने के बच्चे को आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला, पीठ पर 50 से ज्यादा जख्म

(रणभेरी): फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव रामनगर कुटरा गांव में दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। घर में सो रहे पांच माह के मासूम पर दो आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। मां ने किसी तरह बच्चे को कुत्तों के चुंगल से छुड़ाया। परिजन बुरी तरह से घायल बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार शाम 6 बजे बच्चा चारपाई पर लेटा था। मां खाना बना रही थी, तभी दो कुत्ते आए। उन्होंने बच्चे पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन दबोचकर खींचते हुए ले जाने लगे।बच्चे की रोने की आवाज सुनकर मां दौड़ती हुई पहुंची। लाठी लेकर कुत्तों काे दौड़ाया। इसके बाद कुत्ते बच्चे को छोड़कर भागे। बच्चा बुरी तरह से खून से लथपथ पड़ा था।बच्चे के माता-पिता उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे के पीठ पर 50 से ज्यादा जख्म थे। खून ज्यादा बहने की वजह से बच्चे की मौत हो गई।
पिता राजू ने बताया- धीरज सबसे छोटा था। मेरे 6 बच्चे और भी हैं। इनमें 3 बेटियां- 3 बेटे हैं। सोमवार शाम मैं किसी काम से घर के बाहर गया था। पत्नी घर पर अकेली थी। शाम 6 बच्चे के धीरज को उसकी मां शिखा ने चारपाई पर सुला दिया। खुद खाना बनाने घर में चली गई। बच्चों से उसे देखने के लिए कहा, लेकिन बच्चे खेलने चले गए। इस दौरान गांव के दो आवारा कुत्ते आए। उन्होंने बच्चे पर अटैक कर दिया।
पिता राजू ने बताया- कुत्ते बच्चे को खींचकर ले जा रहे थे, तभी पत्नी पहुंच गई। उसने किसी तरह से बच्चों को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद फोन करके मुझे इसके बारे में बताया। मैं भागता हुआ घर पहुंचा। फिर पत्नी के साथ बच्चे को बाइक से राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।