त्रिपुरा में गृहमंत्री अमित शाह का एलान, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण

त्रिपुरा में गृहमंत्री अमित शाह का एलान, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण

(रणभेरी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को त्रिपुरा में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण की घोषणा की है। त्रिपुरा में भाजपा सरकार के 4 साल पूरे होने पर अगरतला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि 'मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इन 4 साल में हमने त्रिपुरा को संभालने का काम किया है। अगले साल जब 5 साल हो जाएंगे तो उसके बाद एक मौका और दे दीजिए, हम त्रिपुरा को देश में नंबर एक राज्य बनाएंगे।' 

साथ ही उन्होंने कहा कि  'जहां-जहां कम्युनिस्टों की सरकार होती है, वहां राजनीतिक विरोधियों के खून से होली खेली जाती है। लेकिन मैं गर्व से कह सकता हूं कि त्रिपुरा में राजनीतिक हत्याओं पर पूर्ण विराम लगाने का काम हमारे मुख्यमंत्री विप्लब देव जी ने किया है।'  25 साल तक कम्युनिस्टों ने यहां गरीबों के नाम पर राज किया, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा और अन्य दलों के 39 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई।

शाह ने कहा कि आज पूरे नॉर्थ ईस्ट को पीएम नरेंद्र मोदी ने अष्ट लक्ष्मी का स्वरूप देकर विकास, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पोर्ट्स, इंवेस्टमेंट और जैविक खेती का बड़ा हब बनाने का काम किया है। त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनने के चार साल बाद मैं देख रहा हूं कि जो त्रिपुरा पहले ड्रग्स और नशे के कारोबार से त्रस्त था, वो त्रिपुरा आज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।त्रिपुरा के हर गरीब के घर में बिजली पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। त्रिपुरा में पहले उग्रवाद, घुसपैठ, बंद, तनाव, भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी। लेकिन अब  त्रिपुरा आज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गृह मंत्री ने कहा, 'हमारे देश की आजादी को आजाद हुए 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। साथ ही खूबसूरत त्रिपुरा को भी बने हुए 50 साल पूरे हो गए हैं। 25 साल तक कम्युनिस्टों ने त्रिपुरा में राज किया था। 2015 में जब मैं यहां आया था, हर कोई यहां त्राहिमाम कर रहा था।'