Holi 2023: इस होली को खास बनाये दो हेल्दी ठंडाई के साथ, पढ़े.. बनाने की रेसिपी

 Holi 2023: इस होली को खास बनाये दो हेल्दी ठंडाई के साथ, पढ़े.. बनाने की रेसिपी

(Ranbheri): होली के मौके पर अगर ठंडाई न हो तो मजा नहीं आता है। ठंडाई के बिना होली की मस्ती अधूरी लगती है। वैसे काशी में तो ठंडाई पीने की परंपरा नाथों के नाथ बाबा विश्वनाथ से जुड़ी है। रंगों के त्योहार होली पर ही नहीं बल्कि हर दिन काशी विश्वनाथ को ठंडाई का भोग लगाया जाता है। सप्तऋषि आरती से ठीक पहले बाबा को ठंडाई का प्रसाद चढ़ता है। ठंडाई पीना यकीनन बहुत ही अच्छा लगता है और ये होली के एक ट्रेडिशन से कम नहीं है। भांग हो या न हो, लेकिन ठंडाई हमें झूमने का मौका जरूर देती है। होली के मौके पर कोई भी कोल्ड ड्रिंक काम नहीं कर पाती जिस तरह से ठंडाई काम कर लेती है। पर ठंडाई का सिर्फ एक ही फ्लेवर क्यों घर पर रखा जाए? क्यों न अलग-अलग फ्लेवर की ठंडाई का मज़ा लिया जाए और इसका आनंद उठाने के लिए आप घर पर ही तैयारी कर लें। 

इस साल होली 8 मार्च को मनाया जाएगा। ट्रेडिशनल ठंडाई को बनाने में कई बहुत सारी चीनी का इस्तेमाल किया जाता है। चीनी न सिर्फ सेहत के लिए नुकसानदायक होती है बल्कि ये वजन भी बढ़ाती है। अब होली का मौका है और सेहत का भी ध्यान रखना है तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं 2 स्पेशल हेल्दी ठंडाई की रेसिपी के बारे में। ठंडाई को हेल्दी बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं घर पर कैसे बनाएं हेल्दी ठंडाई।

  • 1. केसर और बादाम ठंडाई

केसर और बादाम की ठंडाई स्वाद में लाजवाब होती है। साथ ही, ये सेहत के लिए भी बहुत लाभदायक मानी जाती है। डाइटिशियन श्रेया अग्रवाल का कहना है कि 1 कप केसर और बादाम की ठंडाई में 120 से 140 कैलोरी पाई जाती है, इसलिए इसका सेवन बिना किसी झिझक के किया जा सकता है। आइए जानते हैं केसर और बादाम ठंडाई की रेसिपी।

केसर और बादाम ठंडाई की रेसिपी सामग्री...

बादाम - 15 से 20 पीस
केसर के धागे - 5 से 7 पीस
सौंफ - 2 चम्मच
तरबूज के बीज - 2 चम्मच
दूध - 1 लीटर
गुड़ - 4 चम्मच
इलायची पाउडर - 2 चम्मच 

विधि: सबसे पहले बादाम, तरबूज के बीज,इलायची पाउडर को एक कढ़ाई में रोस्ट करके पीस लें। 
अब एक बड़े बाउल में 1 लीटर दूध को निकालकर इसमें केसर के धागों को डालकर 1 घंटे के लिए छोड़ दें। 
1 घंटे के बाद दूध में पिसा हुआ बादाम का पाउडर डालकर मिलाएं। अब इसमें गुड़ का पाउडर डालकर फ्रिज में स्टोर करने के लिए रख दें। आप चाहें तो इसमें बर्फ डालकर भी सर्व कर सकते हैं।

  • 2. पान की ठंडाई

होली के मौके पर ठंडाई के साथ पान भी खाया जाता है, तो क्यों न इसे एक ट्विस्ट दिया जाए। होली के खास मौके पर आप पान की ठंडाई ट्राई कर सकते हैं। 1 गिलास पान की ठंडाई में 250 से 300 कैलोरी पाई जाती है। आइए जानते हैं कैसे बनाई जाती है पान की ठंडाई।

सामग्री

पान के पत्ते - 2 से 4 पीस
पिस्ता - 4 चम्मच
हरी इलायची - 2 से 3 चम्मच
सौंफ - 2 बड़े चम्मच
दूध- 2 कप 
गुड़ - 1 कप

विधि:  सबसे पहले मिक्सर-ग्राइंडर में पान के पत्तों को डालकर बारिक पीस लें। पान के पत्तों में दूध, हरी इलायची, सौंफ और गुड़ को डालकर मिक्स करें। अगर आपको मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगता है तो आप इसमें पानी भी मिला सकते हैं। आपकी स्वादिष्ट पान की ठंडाई सर्व करने के लिए तैयार हो चुकी है। 
एक गिलास में 2 से 4 बर्फ के टुकड़े डालकर इसमें ठंडाई को सर्व करें। ऊपर दी गई सभी ठंडाई की रेसिपी में भांग को आसानी से मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। ध्यान रहे कि ठंडाई में भांग की मात्रा को सीमित रखें। अगर ठंडाई में भांग ज्यादा हो जाएगी तो ये आपको नुकसान पहुंचा सकती है।