Pushpa-2 नहीं दिखाने पर होटल से कूदी युवती

Pushpa-2 नहीं दिखाने पर होटल से कूदी युवती

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के एक होटल में ठहरी बीएचयू की छात्रा ने गुरुवार की शाम अपने प्रेमी से झगड़ा होने के बाद होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। कूदने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

झारखंड के धनबाद बबेरू निवासी फुरकान पुत्र मोहम्मद 5 दिन पहले वाराणसी आया था। उसके साथ गर्लफ्रेंड भी आई थी। जो इमामबाड़ा भट्‌ट धनबाद की रहने वाली है। दोनों ने रामकटोरा के एसवी ग्रैंड होटल में कमरा किराए पर लिया। 5 दिन से वहीं रुके थे। कुछ समय के लिए बाहर भी निकले लेकिन, ज्यादा समय होटल में बिताया।

जब युवती फोन पर किसी दोस्त से बात करती तो फुरकान नाराज हो जाता। गुरुवार दोपहर गर्लफ्रेंड ने उससे फिल्म देखने और गंगा घाट घूमने को कहा, तो फुरकान ने इनकार कर दिया। लेकिन, वो दबाव बनाने लगी। दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर वो तीसरी मंजिल से कूद गई। नीचे गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आई और लहूलुहान होकर बेहोश हो गई।

फुरकान आनन फानन में नीचे आया। होटल स्टाफ की मदद से मंडलीय अस्पताल ले गया। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने देखा कि चेहरा, सिर और पीठ पर गहरी चोट है। कुछ हड्डियां भी टूटी थीं। डॉक्टरों ने जवाब देते हुए युवती को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

फुरकान से पूछताछ में सामने आया कि प्रियंका ने बीएचयू से संबद्ध कमच्छा के वसंत कन्या महाविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की थी। मूलत: बांदा के निवासी प्रियंका के पिता रामप्रसाद सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी हैं और वह 20 साल से धनबाद में परिवार के साथ रहते हैं। इसी हफ्ते संपन्न दीक्षांत समारोह में वह डिग्री लेने 13 दिसंबर को बनारस आई थी। प्रियंका को उसके पिता बनारस छोड़ कर गए थे। उसी ट्रेन से फुरकान भी आया था, प्रियंका के पिता के जाने के बाद 14 दिसंबर को होटल में दोनों ने कमरा लिया।

एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया-युवती अपने मित्र के साथ रुकी थी, विवाद के बाद कूदी है। कबीरचौरा के डॉक्टरों ने उसे मल्टीपल हेड इंजरी बताई है। युवती की हालत नाजुक है। क्रिटिकल कंडीशन होने की वजह से चेतगंज पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।