यूपी पुलिस का एक्शन: 50 हजार का शातिर बदमाश झारखंड में अरेस्ट

यूपी पुलिस का एक्शन:  50 हजार का शातिर बदमाश झारखंड में अरेस्ट

आजमगढ़।  जिले का 50 हजार का इनामी अपराधी झारखंड में गिरफ्तार किया गया है। उस पर आजमगढ़ समेत आसपास के जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट समेत कई मामले हैं। आजमगढ़ जिले का रहने वाला 50 हजार का इनामी अपराधी झारखंड प्रांत के देवधर में गिरफ्तार किया गया है। शातिर बदमाश की तलाश आजमगढ़ ही नहीं बल्कि आसपास के जनपदों की पुलिस को भी थी। जनपद पुलिस अपराधी को अपनी कस्टडी में लेने की कवायद में जुट गई है। जिले में भी अपराधी अभिषेक पर कई मुकदमे दर्ज हैं।


यह है मामला
प्रदेश के मोस्ट वांटेड ईनाम घोषित अपराधियों की सूची में जिले के बर्द थाना क्षेत्र के रहने वाले बदमाश अभिषेक सिंह उर्फ रवि उर्फ राहुल सिंह का नाम भी शामिल है। इस पर आजमगढ़ जिले ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, रंगदारी के साथ ही गैंगस्टर में मुकदमे दर्ज हैं।  इतना ही नहीं इस पर 50 हजार का इनाम भी घोषित है। कई जिलों की पुलिस को बदमाश की तलाश थी। बीते सोमवार को झारखंड प्रांत के देवधर जिले की पुलिस ने अभिषेक को एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा, कारतूस भी बरामद किया गया है। अभिषेक की गिरफ्तारी की जानकारी होते ही जनपद पुलिस उसे अपनी कस्टडी में लेने की तैयारी में जुट गई है। देवधर पुलिस से इसके लिए संपर्क साधने में पुलिस जुटी हुई है।