फरार्टा पंखे में आ गया करंट, पति को बचाने गए पत्नी भी आई संपर्क में- मौत

 फरार्टा पंखे में आ गया करंट, पति को बचाने गए पत्नी भी आई संपर्क में-  मौत

गोरखपुर। बड़हलगंज स्तित उपनगर के सटे सिधुआपार के कुरावं गांव में बुधवार की सुबह फरार्टा पंखा में करेंट आ जाने से पति पत्नी दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दी है।

मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली, क्षेत्र के सिधुआपार के कुरावं गांव के राजकुमार निगम (40) पुत्र स्व. सुभाष अपने कमरे में पत्नी विभा व बच्चे के साथ सोए हुए थे। बगल में फरार्टा पंखा चल रहा था। अचानक भोर में  फरार्टा पंखे में करेंट आ गया, जिसकी चपेट में राजकुमार निगम आ गए। संपर्क में आते ही वह बिस्तर पर से नीचे गिर गए और उनके ऊपर पंखा गिर गया।

उन्हें बचाने उनकी पत्नी विभा गई तो वह भी करंट की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई। मृतक पांच भाईयों में सबसे छोटे थे। वह ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का जीवन यापन करते थे। मृतक के चार पुत्रियां व एक पुत्र है। सबसे बड़ी बिटिया अंशिका (13 वर्ष) जो कक्षा 7, अर्पिता (9 वर्ष) कक्षा 4, प्रियल (4 वर्ष) व प्राची (3 वर्ष) दोनों प्ले वे स्कूल में पढ़तीं हैं। एक बेटा जो अभी 10 माह का है। पांचों बच्चे अनाथ हो गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।