भारत जोड़ो यात्रा की यूपी में एंट्री, राहुल को मिला टिकैत का साथ

भारत जोड़ो यात्रा की यूपी में एंट्री, राहुल को मिला टिकैत का साथ

(रणभेरी): कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' कुछ दिनों के ब्रेक के बाद आज फिर चालू हो गई है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिए निकली कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' मंगलवार को उत्तर प्रदेश से एंट्री करेगी। राहुल गांधी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में स्थित हनुमान मंदिर से पदयात्रा कर दोपहर में गाजियाबाद के लोनी बार्डर से यूपी में दाखिल होंगे। राहुल गांधी को किसान नेता राकेश टिकैत का भी साथ मिल गया है। कई अन्य विपक्षी नेताओं से भी संपर्क किया गया है। हालांकि अखिलेश यादव और मायावती यात्रा में शामिल नहीं होंगी। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी उनके साथ तीन दिनों तक यात्रा में शामिल रहेंगी। 

यूपी में क्या रहेगा कार्यक्रम 

भारत जोडो यात्रा में आज उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 3 जिलों से होकर गुजरेगी। यूपी में 130 किमी का सफर रहेगा। यह पूरा इलाका जाट बहुल है। हालांकि जाट बहुल इलाके में जयंत चौधरी का साथ इस यात्रा को नहीं मिला है। पदयात्रा गाजियाबाद, बागपत और शामली जिले की 11 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। यात्रा को लेकर सियासत भी जारी है. सपा अध्यक्ष अखिलेश ने चार दिन पहले कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर कहा था कि हम भावना से उनकी यात्रा के साथ हैं लेकिन भाजपा और कांग्रेस में कोई अंतर नहीं है। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि अखिलेश यात्रा में शामिल नहीं होंगे। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी पहले ही यात्रा में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।