Dussehra 2022: BLW में ढाई घंटे चली रामलीला और 5 मिनट में जला 75 फीट का रावण, पुतला दहन के साथ गूंजा जय श्रीराम

Dussehra 2022: BLW में ढाई घंटे चली रामलीला और 5 मिनट में जला 75 फीट का रावण, पुतला दहन के साथ गूंजा जय श्रीराम

वाराणसी (रणभेरी):  बनारस में विजयादशमी पर कल शाम बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) के केंद्रीय खेल मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले का दहन किया गया। इसके साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस दौरान भव्य आतिशबाजी की गई, जिसे लोगों ने उत्साह के साथ देखा।

बरेका (BLW) में शहर के सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन हुआ। करीब 2 लाख रुपये की लागत से बने 75 फीट ऊंचे रावण पुतले को जलने में पांच मिनट का वक्त लगा।  धू-धू कर पूरा रावण जल उठा। रावण का पुतला 75 फीट, कुंभकर्ण का 70 फीट और मेघनाद का पुतला 65 फीट ऊंचा बनाया गया था। तीनों पुतले में 150 से ज्यादा बड़े पटाखे लगाए गए थे। तीनों पुतलों को बनाने वाले शमशाद खान ने बताया कि बुराई पर अच्छाई की जीत की खुशी हम सभी को हमेशा मिल-जुल कर मनाना चाहिए। हालांकि, इससे पहले सुबह और दोपहर हुई बारिश ने आयोजकों को चिंतित कर दिया था। लेकिन, दोपहर बाद श्रद्धालुओं के भक्ति भाव के आगे बारिश को भी रुकना पड़ा। और लोगों ने रावण दहन की लीला का उल्लास के साथ आनंद लिया।इस दौरान जय श्री राम के साथ हर-हर महादेव के जयघोष चारों ओर सुनाई दिए। 


BLW विजयादशमी समिति द्वारा केंद्रीय खेल मैदान में लीला प्रेमियों के बैठने के लिए तकरीबन 6 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं। खेल मैदान में रामचरित मानस पर आधारित राम वन गमन से रावण वध तक रूपक (मोनो एक्टिंग) का मंचन BLW इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया। खेल मैदान में विघ्नहर्ता गणेश, भगवान शंकर संग पार्वती और देवी दुर्गा का आसन तकरीबन नौ फीट ऊंचा बनाया गया था। इसके अलावा पंचवटी, किष्किंधा, शबरी आश्रम, अशोक वाटिका और लंका भी लीला प्रेमियों को देखने को मिली।