नुपुर शर्मा को दिल्ली पुलिस की सुरक्षा, मुंबई पुलिस का समन

नुपुर शर्मा को दिल्ली पुलिस की सुरक्षा, मुंबई पुलिस का समन

(रणभेरी): भारतीय जनता पार्टी की निलंबित नेता नुपुर शर्मा को अब मुंबई पुलिस ने समन भेजा है। पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के मामले में यह कार्रवाई की गई है। उन्हें 22 जून तक पेश होना होगा। उनके खिलाफ करीब तीन मामले दर्ज हुए थे। शर्मा को मुंब्रा पुलिस ने 22 जून तक पेश होने के लिए कहा है। शर्मा के खिलाफ दक्षिण मुंबई के पायुधिनी पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया था। रजा एकेडमी की मुंबई विंग के इरफान शेख की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की थी। 

पार्टी द्वारा एक्शन लिए जाने के बाद नुपुर ने अपना विवादित बयान वापस लिया था। उन्होंने दावा किया था कि भगवान शिव के लगातार मजाक उड़ाए जाने और उनका अपमान होता देख उन्होंने ऐसी प्रतिक्रिया दे डाली थी। नुपुर ने स्पष्ट कहा था कि अगर उनके बयान से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हों तो वह क्षमा मांगती हैं।विवादित टिप्पणी के आरोप में भारतीय जनता पार्टी से निलंबित की गईं प्रवक्ता नुपुर शर्मा और उनके परिवार को दिल्ली पुलिस ने एक शिकायत के बाद सुरक्षा मुहैया करवाई है। टिप्पणी के बाद से ही नुपुर को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसके खिलाफ उन्होंने थाने में शिकायत करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इसी एफआईआर के आधार पर पुलिस ने उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है। 

विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि नुपुर शर्मा का बयान सही या गलत, यह अदालत तय करेगी। वीएचपी नेता ने अदालत के फैसले का इंतजार किए बिना नुपुर की टिप्पणी पर हिंसक प्रदर्शनों पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि कुछ लोग कानून अपने हाथ में ले रहे हैं। 

आलोक कुमार ने कहा कि अदालत के फैसले की प्रतीक्षा किए बिना पूरे देश में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं, क्या यह कानून के तहत हो रहा है। खुले तौर पर कहा जा रहा है कि अगर कोई पैगंबर के बारे में कुछ कहता है तो जीभ काट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस नूपुर की टिप्पणियों के खिलाफ शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करेगी और इसकी जांच करेगी। उसके बाद, अदालत इस पर सुनवाई करेगी और अंत में लोगों को अदालत के फैसले को स्वीकार करना चाहिए।