कोरोना का कहर: केजरीवाल और मनोज तिवारी कोरोना पॉजिटिव,लक्षण दिखने पर पहले ही हो गए थे आइसोलेट

कोरोना का कहर: केजरीवाल और मनोज तिवारी कोरोना पॉजिटिव,लक्षण दिखने पर पहले ही हो गए थे आइसोलेट

(रणभेरी): दिल्ली में कोरोना का कहर दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल 2 दिन पहले लखनऊ में बड़ी चुनावी जन सभा संबोधित किया था, इसके बाद वो कोरोना पॉजिटिव हो गए। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर दी। सीएम केजरीवाल ने लिखा है कि जो भी लोग पिछले दिनों उनके संपर्क में आए हों, वो आइसोलेट हो जाएं और अपना टेस्ट करवाएं। केजरीवाल ने लखनऊ के स्मृति उपवन में में करीब 15 हजार की भीड़ को संबोधित किया था। इसके अगले ही दिन अरविंद केजरीवाल कल अपनी पार्टी के प्रचार के लिए उत्तराखंड गए थे। देहरादून में CM अरविंद केजरीवाल ने ‘नवपरिवर्तन सभा’ को संबोधित किया था। इसके बाद देर शाम उन्होंने जांच करवाई और आज उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। 

सीएम केजरीवाल के बाद दिल्ली से बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मनोज तिवारी ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। मनोज ने बताया कि उन्होंने लक्षण दिखने पर पहले ही खुद को आइसोलेट कर लिया था। 
सांसद मनोज तिवारी लिखा है कि दो जनवरी की रात से ही अस्वस्थ महसूस कर रहा था। हल्का बुखार और जुकाम होने के कारण कल उत्तराखंड - रूद्रपुर प्रचार में भी नहीं जा पाया था। टेस्ट में आज पॉजिटिव आया हूं। सतर्कता बरतते हुए अपने आप को कल ही आइसोलेट कर लिया था, कृपया अपना और अपने परिवार का ध्यान रखें.'

भारत सरकार के केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय सोमवार को गाजियाबाद के यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी में इलाज के लिए भर्ती कराए गए हैं। डॉ महेंद्र नाथ पांडेय को पिछले 2 से 3 दिनों से बुखार, सर्दी, खांसी, गला खराब और बाईं तरफ सीने में दर्द की शिकायत थी। अस्पताल में उनका कोविड-19 के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया, जो पॉजिटिव आया। इसके तुरंत बाद उनका सैंपल आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भेज दिया गया और वो भी पॉजिटिव आया है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।सोमवार को ही उनके परिवार के एक सदस्य और उनके एक कर्मचारी का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। हालांकि, प्रियंका गांधी का कोरोना टेस्ट निगेटिव है। उन्होंने ट्वीट कर स्वयं ही इसकी जानकारी दी थी। वही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर भी कोरोना पहुंचा था। अखिलेश यादव की पत्नी और कन्नौज से पूर्व सांसद डिंपल यादव कोरोना संक्रमित पाई गई थी। उनकी बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी थी। इसके बाद डिंपल ने खुद को आइसोलेट कर लिया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने भी जांच कराई थी। हालांकि, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई।