अंबेडकर मुद्दे पर सांसदों में धक्कामुक्की, मुकेश राजपूत व प्रताप सारंगी चोटिल
नई दिल्ली (रणभेरी): गृह मंत्री अमित शाह के 17 दिसंबर को अंडेबकर पर दिए बयान को लेकर संसद के दोनों सदनों में आज भी हंगामा हो रहा है। गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नीले कपड़े पहनकर पहुंचे। इसके बाद लोकसभा-राज्यसभा में भी विपक्ष ने हंगामा किया। कांग्रेस की मांग है कि गृह मंत्री माफी मांगें। सदन के अंदर जय भीम के नारे लगाए। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। उधर संसद परिसर में अंबेडकर विवाद पर भाजपा और विपक्षी सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
भाजपा सांसद प्रताप सारंगी के सिर में चोट देखी गई। इस दौराप भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें आरएमएल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सारंगी का इलाज भी इसी अस्पताल में चल रहा है। पीएम मोदी ने फोन पर सांसदों का हालचाल जाना है।
घायल सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जो मेरे ऊपर गिरे। आरोप पर जवाब देते हुए राहुल ने कहा कि हां! ऐसा हुआ। वे हमें प्रवेश द्वार पर रोकने की कोशिश रहे थे। मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी के साथ भी धक्कामुक्की हुई।
मामले में जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह आपके कैमरे में हो सकता है। मैं संसद के प्रवेश द्वार से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, भाजपा सांसद मुझे रोकने, धक्का देने और धमकाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए यह हुआ। हां, ऐसा हुआ है। मल्लिकार्जुन खरगे को धक्का दिया गया। प्रियंका गांधी को भी धक्का दिया गया। हालांकि, धक्का-मुक्की से हम प्रभावित नहीं हुए। यह प्रवेश द्वार है और हमें अंदर जाने का अधिकार है। भाजपा सांसद हमें अंदर जाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे। मुख्य मुद्दा यह है कि वे संविधान पर हमला कर रहे हैं और आंबेडकर की स्मृति का अपमान कर रहे हैं।