जल्द ही लॉन्च होगा चंद्रयान-3: ISRO के चीफ ने किया बड़ा ऐलान, कह -अगली सफलता के लिए तैयार

जल्द ही लॉन्च होगा चंद्रयान-3: ISRO के चीफ ने किया बड़ा ऐलान, कह -अगली सफलता के लिए तैयार

(रणभेरी): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्था (ISRO) ने चंद्रयान -3 की लॉन्चिंग को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। ISRO के प्रमुख एस सोमनाथ ने सोमवार को कहा कि चंद्रयान-3 को इस साल जुलाई में लॉन्च किया जाएगा। इसरो प्रमुख का यह बयान अंतरिक्ष एजेंसी द्वारा जीएसएलवी रॉकेट पर एक नेविगेशन उपग्रह को सफलतापूर्वक लॉन्च करने के बाद आया है। यह प्रक्षेपण बहुत महत्व रखता है, क्योंकि यह दूसरी पीढ़ी के नेविगेशन उपग्रह श्रृंखला की तैनाती को चिह्नित करता है, जिससे NavIC सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित होती है। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि असफलता सामान्य बात है। कोई जरूरी नहीं की हर बार हम सफल ही हो, लेकिन बड़ी बात है कि हम इससे सीख लें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जब कोई नए काम किए जाते हैं तो सफलता और असफलता लगी रहती है।

सोमनाथ ने कहा कि जब भी कोई सुझाव दिए जाते हैं, तो हम उन पर खरे उतरने की कोशिश करते हैं। लेकिन यह भी सच है कि हर बार सुझाव सही नहीं हो सकते, असफलता भी मिल सकती है। पर इसका मतलब ये नहीं की हम प्रयोग करना बंद कर दें। चंद्रयान -3 के लॉन्च का एलान चंद्रयान -2 के लैंडर-रोवर के दुर्घटनाग्रस्त होने के चार साल बाद हुआ है। चंद्रयान-3 मिशन के जुलाई में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रमा के उस हिस्से तक लॉन्च होने की उम्मीद है, जो सूर्य की ब्रह्मांडीय किरणों से बचाकर काफी हद तक अंधेरे में रहा है। इसरो के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मिशन तैयार होने के अंतिम चरण में है। अब यूआर राव सैटेलाइट सेंटर में पेलोड को एकीकृत किया जा रहा है, क्योंकि टीम भारत के सबसे भारी रॉकेट, लॉन्च व्हीकल मार्क-III पर के मध्य जुलाई तक लॉन्चिंग के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।