लुधियाना में कचहरी परिसर की तीसरी मंजिल में ब्लास्ट, 2 लोगों मौत, 4 लोग गंभीर रूप से घायल

लुधियाना में कचहरी परिसर की तीसरी मंजिल में ब्लास्ट, 2 लोगों मौत, 4 लोग गंभीर रूप से घायल

(रणभेरी ): पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को कचहरी परिसर की तीसरी मंजिल के बाथरूम में गुरुवार दोपहर को एक जोरदार धमाका हुआ और इसमें इसमें 2 लोगों की मौत हो गई है। 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।  है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास का एरिया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस को बाथरूम के अंदर से एक शव मिला है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए है, पूरी इमारत को खाली करवा लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि किसी और जगह कोई और बम प्लांट तो नहीं किया गया है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासनिक परिसर लुधियाना को पूरी तरह खाली कराया गया है। वहीं जिले के सभी सरकारी कार्यालयों की गहन जांच की जा रही है। 

यह धमाका पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लुधियाना पहुंचने से कुछ देर पहले ही हुआ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व ऐसी हरकत कर रहे हैं। सरकार अलर्ट पर है। दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। NIA की दो सदस्यीय टीम भी जांच के लिए चंडीगढ़ से रवाना हो चुकी है। NIA की टीम पंजाब पुलिस की फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर धमाके की जांच करेगी। इसमें यह भी देखा जाएगा कि क्या यह विदेशी ताकतों की हरकत तो नहीं है। अगर इसमें टेरर एंगल मिला तो फिर NIA जांच अपने हाथ में ले लेगी।

ब्लास्ट के समय अदालत में मौजूद क्लर्क गुरपाल सिंह ने कहा कि फोटोस्टेट की मशीन के पीछे बाथरूम में बलास्ट हुआ है। चार घायल हैं। एक या दो की हालत इतनी गंभीर है कि उनकी डेथ भी हो सकती है। तीन को मैं खुद नीचे छोड़कर आया हूं। यह धमाका तीसरी मंजिल पर कोर्ट नंबर 9 के पास बाथरूम में हुआ। 

धमाका होने से कोर्ट की पूरी इमारत हिल गई। इमारत की खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं और पार्किंग में खड़ी कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं हैं। मौके पर मौजूद लोग सिलेंडर फटने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने अभी धमाके के बारे में कोई बयान नहीं दिया है। अदालत में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन के अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया है। पुलिस बल ने कोर्ट परिसर को चारों तरफ से घेर लिया है। शहरभर में हाईअलर्ट जारी करते हुए नाकाबंद कर दी गई है।