यूपी में कांग्रेस को तगड़ा झटका, पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल
 
                                                                                    (रणभेरी): उत्तर प्रदेश में एक दिन पहले ही चुनाव के लिए स्टार प्रचारक घोषित किए गए कांग्रेस के बड़े नेता व कुंवर आरपीएन सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है। आरपीएन सिंह को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। आरपीएन सिंह पडरौना राजघराने से आते हैं जिनका इलाके में काफी प्रभाव है। वह 2009 में तत्कालीन पडरौना सीट से लोकसभा सांसद चुने जा चुके हैं और यूपीए- 2 सरकार में सड़क परिवहन, पेट्रोलियम और गृह राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। उधर, एक के बाद एक नेताओं के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है।
आरपीएन सिंह ने भाजपा में शामिल होने के बाद ट्वीट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है।भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि यह मेरे लिए एक नई शुरुआत है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान के लिए तत्पर हूं। उन्होंने पीएम मोदी के साथ भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है।कुशीनगर में पडरौना के सैंथवार राजघराने के आरपीएन सिंह ने इससे पहले मंगलवार को दिन में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफा दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रेषित कर दिया था।
 
                





 
                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                 
                 
                 
                 
                 
                 
                

 
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                    


