बेनामी संपत्तियों का बादशाह है भेलूपुर जोनल संजीव कुमार

बेनामी संपत्तियों का बादशाह है भेलूपुर जोनल संजीव कुमार

बना चुका है आय से कहीं अधिक संपत्ति, हो संपति की जांच तो खुलेगी अवैध कमाई और भ्रष्टाचार की पोल


वाराणसी (रणभेरी): वीडीए के अधिकारियों की भ्रष्टाचार की कहानी कोई नहीं है। शहर के ऐसे कोई भवन स्वामी न हो जिनका पाला इनसे न पड़ा हो। चाहे वो अवैध निर्माण हो या फिर लीगल निर्माण, बिना वीडीए के अधिकारियों को चढ़ावा चढ़ाए पूरा हो ही नहीं सकता। इस चढ़ावे, सेटिंग और डील में मुख्य भूमिका होती है स्थानीय जोनल अधिकारी, जेई और बाबू की। हालांकि यह जगजाहिर है कि वीडीए के अधिकारी भ्रष्टाचार में संलिप्त है पर कुछ जोन के ऐसे अधिकारी हैं जिनका पेट बड़ा है। वो कम रकम में डील ही नहीं करते। इसी क्रम में इन दिनों जोन नंबर 4 के भेलूपुर एवं नगवां वार्ड के जोनल अधिकारी संजीव कुमार का चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। चर्चा में जो खास है वह है अवैध कमाई और अकूत संपत्ति की। हमारे सूत्र बताते हैं कि भेलूपुर जोन के जोनल संजीव कुमार इन दिनों मलाई काट रहे हैं। सूत्र ने बताया कि भेलूपुर जोनल संजीव कुमार पूरे जोन में अवैध निर्माण का ठेका ले रखा है। 

इसके एवज में भवन स्वामी से मोटी रकम लेकर अपनी संपति में खूब इजाफा कर रहे हैं। सूत्र ने यह भी बताया कि कुछ धन्नासेठों के अवैध निर्माण के एवज में भेलूपुर जोनल संजीव कुमार ने 20- 20 लाख तक वसूले हैं। जोनल संजीव कुमार मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस के दावों को खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं। जोनल संजीव कुमार की कृपा इन दिनों अवैध निर्माणकर्ताओं पर खूब बरस रही, बस शर्त है उनके मन मुताबिक उनकी जेब भर दी जाय। साहब जबसे आए तब से एक भी अवैध निर्माण की ध्वस्तीकरण नहीं कर पाए। अगर कुछ करने की जहमत भी की तो वो है सील की कारवाई। सील के पीछे का असल मकसद डील का होता है, और साहब अपने इस मनसूबे को बखूबी अंजाम दे रहे। सूत्र यह भी बताते की भेलूपुर जोनल संजीव कुमार लखनऊ में भी कई बेनामी संपत्ति अर्जित कर ली है। हालांकि यह सब जांच का विषय है, अगर सही से जांच हो जाए तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा, लेकिन यह बात सत्य है कि भेलूपुर जोनल की इस समय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

वसूली और नक्शा पास कराने में मास्टर है जोनल संजीव कुमार 

वर्तमान में वीडीए के भेलूपुर और नगवां वार्ड के जोनल अधिकारी संजीव कुमार वसूली के बादशाह है। सूत्र बताते हैं कि संजीव कुमार जोनल अधिकारी जो जनवरी 2025 से जोन 4 के जोनल अधिकारी हैं तथा इसके पूर्व जोन-2 (सारनाथ वार्ड) के जोनल अधिकारी थे।प्राधिकरण सूत्रों से चर्चा में यह जानकारी सामने आई कि जोनल अधिकारी संजीव कुमार एवं प्रभारी अधिकारी मानचित्र का चार्ज संभाले हुए नगर नियोजन प्रभात कुमार की मिली भगत से दूसरे जोनों की अपेक्षा संजीव कुमार के जोन में मोटी रकम वसूल कर बड़े-बड़े नक्शे जुगाड़ के साथ पास कर दिए जाते हैं। जिसमें विगत कुछ ही महीना में लाखों रुपए घूस के रूप में संजीव कुमार एवं प्रभात कुमार के मध्य वसूली की गई है। पैसे के बल पर नगर नियोजक एवं संजीव कुमार द्वारा नए तैनात अवर अभियंताओं को उनके प्रोबेशन पीरियड का धौंस दिखाते हुए धमकी देकर गलत नक्शे पास करने एवं नियम विरुद्ध परवर्तन कार्य कराए जाने का दबाव बनाते हुए हिदायत दी जाती है। इन सारी बातों से अनुमान लगा सकते हैं कि वीडीए का भेलूपुर एवं नगवां वार्ड किस भ्रष्ट अधिकारी के जिम्में है।