वाराणसी में बारिश के बाद फिर बढ़ी गर्मी, तापमान में उछाल, बढ़ी उमस

वाराणसी में बारिश के बाद फिर बढ़ी गर्मी, तापमान में उछाल, बढ़ी उमस

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी समेत आसपास के जिलों में इन दिनों में बुधवार की बारिश के बाद गुरुवार को मौसम ने फिर अंगड़ाई ली है। बादल छंटते ही गर्मी का असर फिर से बढ़ने लगा। उमस अभी भी काफी हद तक बनी हुई है। हवा में नमी 60% से ज्यादा है। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं गुरुवार को दोपहर से पहले ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उमस भी बढ़ गई है। गर्मी झेल रहे लोगों को बुधवार तेज हवा संग बारिश से राहत मिली। करीब आधे घंटे तक शहरी और ग्रामीण इलाकों में कुछ जगहों पर तेज बारिश हुई जबकि कुछ जगहों पर केवल बूंदाबांदी देखने को मिली। IMD यानी कि इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट ने जानकारी दी है कि वाराणसी में अब इस सप्ताह बारिश होने की संभावना नहीं है। यहां का मौसम साफ रहेगा। इन दिनों अनुमान है कि पारा 43°C के पार चला जाए। बीते दिन वाराणसी का अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम तापमान 30.2°C दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 3°C कम और न्यूनतम तापमान 3°C अधिक रहा। वाराणसी में आज हवा एकदम शांत है। वहीं सुबह का तापमान 27°C तक गया था।