मुख्यमंत्रियों के बाद काशी में अब देश भर के मेयरों का जमावड़ा

मुख्यमंत्रियों के बाद काशी में अब देश भर के मेयरों का जमावड़ा

वाराणसी (रणभेरी): नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा न्यू अर्बन इण्डिया थीम पर अखिल भारतीय मेयर सम्मेलन का वाराणसी के बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में 17 दिसंबर को आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कान्फेन्सिंग के माध्यम से किया जायेगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के मेयरगण द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, हरदीप सिंह पुरी केन्द्रीय मंत्री आवासन और शहरी कार्य व पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, आशुतोष टण्डन, मंत्री, नगर विकास एवं नगरीय रोजगार व गरीबी उन्मूलन विभाग, मंत्रीगण अनिल राजभर, डॉ नीलकण्ठ तिवारी, रवीन्द्र जायसवाल व महेश चन्द्र गुप्ता तथा नवीन जैन अध्यक्ष अखिल भारतीय मेयर काउसिंल की गरिमामयी उपस्थिति के साथ उत्तर प्रदेश की अमृत नगर पालिकाओं के अध्यक्षगण, स्थानीयजन प्रतिनिधिगण एवं सम्मानित प्रबुद्वगण तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थीगण द्वारा भी प्रतिभाग किया जायेगा। 

देश के 4800 स्थानीय निकायों के अध्यक्ष गण, पार्षदगण एवं अधिकारीगण भी वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुनेगें। अखिल भारतीय मेयर सम्मेलन में भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 'न्यू अर्बन इंडिया' थीम पर प्रस्तुतीकरण एवं लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जायेगा। वाराणसी स्थानीय प्रशासन एवं स्मार्ट सिटी वाराणसी द्वारा भी लघु फिल्म प्रदर्शित की जायेगी। इसके अतिरिक्त महापौर, नगर निगम पुणे, महाराष्ट्र एवं महापौर, नगर निगम सूरत, गुजरात द्वारा क्रमश: स्वच्छ भारत मिशन व अमृत मिशन के सम्बंध में प्रस्तुतीकरण व नगरीय विकास के विभिन्न विषयों पर महापौरगण के 5 समूहों द्वारा अलग-अलग विमर्श किया जायेगा तथा समूह चर्चा की जायेगी।

सम्मेलन के साथ-साथ न्यू अर्बन इण्डिया एव बदलते उत्तर प्रदेश में नगर विकास विभाग की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया है, जो 17 दिसम्बर से 19 दिसम्बर 2021 तक लगायी जायेगी। इस प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश एवं भारत सरकार के नगरीय विकास से सम्बंधित उत्कृष्ट उपलब्धियों की झलक विभिन्न मॉडल एवं आॅडियो विजुअल कन्टेन्ट के माध्यम से प्रदर्शित की जायेगी। यह प्रदर्शनी 18 व 19 तक आम जनता हेतु खुली रहेगी।