प्रचंड जीत के बाद सीएम केजरीवाल से मिलने दिल्ली पहुंचे भगवंत मान,पहले छूए पैर फिर दी 'टाइट झप्पी'

प्रचंड जीत के बाद सीएम केजरीवाल से मिलने दिल्ली पहुंचे भगवंत मान,पहले छूए पैर फिर दी 'टाइट झप्पी'

(रणभेरी): पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सभी पार्टियों को पीछे करते हुए जीत हासिल की है। 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी अब पंजाब में सरकार बनाने जा रही है। वही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मिलने दिल्ली पहुंचे भगवंत मान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की।इस मुलाकात के बाद से ही केजरीवाल और मान का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें भगवंत मान पूरे जोश में आते दिखाई देते हैं और आते ही केजरीवाल के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद केजरीवाल उन्हें उठाकर जोर से गले लगा लेते हैं। दोनों की यह मुलाकात जोश से भरी रही। कई सेकंड तक केजरीवाल मान की पीठ थपथपाते हुए उन्हें गले लगाए रहेइसके बाद पास खड़े मनीष सिसोदिया भगवंत मान से मिले। सिसोदिया ने भी भगवंत मान को गले लगा लिया। इस दौरान भगवंत मान के साथ आए अन्य विधायकों ने भी केजरीवाल और सिसोदिया से मुलाकात की।

आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गयी।आप ने शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन का भी सफाया कर दिया। शिअद को तीन सीटें जबकि भाजपा को दो और बसपा को महज एक सीट मिली। विधानसभा चुनावों में चरणजीस सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह समेत कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। पूर्व सीएम चन्नी दोनों सीटों पर हार गए। वहीं दूसरी ओर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से बधाई मिलने पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया। प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार रात को ट्वीट करके आम आदमी पार्टी को बधाई दी थी।

16 मार्च को शपथ लेंगे भगवंत मान

भगवंत सिंह मान बुधवार 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले 12 मार्च शनिवार को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके साथ ही भगवंत मान ने शुक्रवार देर शाम विधायक दल की बैठक भी बुला ली है।