RSS दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

RSS दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

(रणभेरी): राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के 6 दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। आरोपी को तमिलनाडु के पुडुकुडी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम राज मोहम्मद बताया जा रहा है। आरोपी राज मोहम्मद ने यूपी में 2 जगहों समेत कुल 6 जगहों पर RSS दफ्तरों को ब्लास्ट कर उड़ाने की धमकी दी थी। जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

सोमवार रात करीब 8 बजे एक वॉट्सएप ग्रुप पर लखनऊ के अलावा आरएसएस के अन्य पांच कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसमें उत्तर प्रदेश के दो कार्यालय और चार कर्नाटक के कार्यालय शामिल हैं। वॉट्सएप ग्रुप में तीन अलग-अलग भाषाओं में धमकी दी गई है। इसमें हिंदी, अंग्रेजी और कन्नड़ भाषा का इस्तेमाल किया गया है। जानकारी के मुताबिक, अल अंसारी इमाम रजी उन मेहंदी नाम का एक वॉट्सएप ग्रुप संचालित किया जा रहा था। इसमें तीन अलग-अलग भाषाओं में कुछ बातें ग्रुप में शेयर की गईं। जिसमें कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी भाषा में धमकी लिखी गई। 

 धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद पुलिस फौरन जांच में जुट गई।पुलिस ने अज्ञात नंबर को ट्रेस किया। आरोपी के नंबर की लोकेशन तमिलनाडु में मिली थी। यूपी पुलिस ने तमिलनाडु पुलिस की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी से पूछताछ की जा चुकी है। अभी मामले की जांच जारी है।