लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में लगी भीषण आग, एक मरीज की मौत, 250 को बचाया गया; शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

(रणभेरी): लखनऊ के आशियाना स्थित सरकारी लोकबंधु अस्पताल में सोमवार रात 9:30 बजे भीषण आग लग गई। अंबेडकर जयंती होने के चलते अस्पताल के अधिकांश प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। आग जिस मंजिल पर लगी, वहां फीमेल मेडिसिन, ICU और HDU जैसे वार्ड हैं। दोनों वार्डों में 55 मरीज थे। मरीजों और तीमारदारों के कुछ समझने से पहले आग ने विकराल रूप ले लिया। वार्ड में चीख पुकार के साथ भगदड़ मच गई।
डॉक्टर, स्टाफ और तीमारदारों ने मिलकर 250 मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला। वहीं, हादसे में एक मरीज की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद मौके से ऑन ड्यूटी डॉक्टर और स्टाफ भाग गए। तीमारदारों ने जान की परवाह किए बिना मरीजों को बचाने में मदद की। उन्होंने मरीजों को पीठ पर लादकर बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की टीम कांच तोड़कर अंदर दाखिल हुई। सीढ़ियों और क्रेन की मदद से लोगों को बाहर निकाला।200 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। गंभीर रोगियों को सिविल और बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने के कारण ICU में भर्ती 61 साल के मरीज राजकुमार प्रजापति की मौत हो गई, जबकि 26 साल की महिला कांति की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
घटना सोमवार रात 9 बजकर 25 मिनट की है। लोकबंधु अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया- अब तक की छानबीन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। फिलहाल, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। घटना का सीएम योगी ने संज्ञान लिया। उन्होंने फोन पर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली थी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया- ग्राउंड फ्लोर पर धुआं दिखा था। अस्पताल के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने तुरंत मरीजों को वहां से शिफ्ट करना शुरू किया। 200 मरीजों को वहां से शिफ्ट किया गया है। इनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा। 2-3 गंभीर मरीजों को KGMU के ICU वार्ड में शिफ्ट किया गया। सभी लोग सुरक्षित हैं।