सूरत में बाइक सवार दंपती को कार ने मारी टक्कर, दूसरे दिन 12 किमी दूर मिला पति का शव

सूरत में बाइक सवार दंपती को कार ने मारी टक्कर, दूसरे दिन 12 किमी दूर मिला पति का शव

(रणभेरी): गुजरात के सूरत में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना  का खुलासा हुआ। दिल्ली की अंजली हत्‍याकांड की तरह ही यहां रात में कार ने मोटरसाइकिल सवार दंपती को टक्कर मार दी। पत्नी सड़क पर गिर गई, जबकि पति कार के नीचे फंस गया। हादसे के बाद घायल पत्नी अपने पति को खोजती रही, लेकिन वह नहीं मिला। दूसरे दिन घटनास्थल से 12 किलोमीटर दूर पति की लाश मिली। यह घटना पिछले हफ्ते बुधवार रात 10 बजे की है।

दरअसल इस घटना का खुलासा एक वीडियो के माध्‍यम से हुआ। वीडियो हादसे के समय कार के पीछे चल रहे युवक ने बनाया था। जानकारी के अनुसार, सूरत जिले के पलसाना तालुका के तंतिठिया गांव के बाहरी इलाके में बीते बुधवार रात को बाइक सवार सागर पाटिल (24) और उसकी पत्नी अश्विनी को एक लग्जरी कार ने टक्कर मार दी। अश्विनी उछलकर सड़क पर गिर गई, जबकि उसके पति का कुछ पता नहीं चला।पुलिस ने पूरे मामले की जांच की। लेकिन आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण आरोपी का कोई पता नहीं चल पा रहा था। घटना के दो दिन बाद इस मामले में एक युवक सामने आया और पुलिस को वीडियो दिखाया। इसके जरिए पुलिस आरोपी के घर पहुंची और कार की पुष्टि की। आरोपी चालक फरार है। सागर की पत्नी अश्विनी पाटिल अस्पताल में भर्ती है। अश्विनी ने बताया कि वह मौसी के घर गई थी। उसके पति वापस ले जाने के लिए आए हुए थे। दोनों रात करीब 10 बजे बाइक से सूरत आ रहे थे। तभी अचानक पीछे से कार ने टक्कर मार दी और मैं गिर गई। आसपास के लोग भी आ गए।

वीडियो रिकॉर्ड करने वाले युवक ने बताया कि वह कामराज के कोसमड़ी गांव से सूरत आ रहा था। उसके आगे एक कार चल रही थी। सड़क पर स्पीड ब्रेकर जैसा कुछ आया। उसने देखा कि अचानक एक युवक कार के नीचे फंस गया। उसने कार का पीछा किया, लेकिन कार तेज रफ्तार में थी। उसने वीडियो बना लिया। अगले दिन पता चला कि एक युवक का एक्सीडेंट हुआ है और चालक उसे दूर तक घसीटता ले गया। इसके बाद पुलिस से संपर्क किया।सागर की पत्नी अश्विनी पाटिल अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया- मैं मौसी के घर गई थी। मेरे पति मुझे वापस ले जाने के लिए आए। दोनों रात करीब 10 बजे बाइक से सूरत आ रहे थे। तभी अचानक पीछे से कार ने टक्कर मार दी और मैं गिर गई। आनन-फानन में आसपास के लोग भी आ गए। मैंने सागर को सड़क पर बहुत ढूंढा, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह नहीं मिले। उन्होंने बताया कि अगले दिन उनकी लाश घटना वाली जगह से 12km दूर मिली। इंसानियत के नाम पर इन लोगों को ये भी नहीं लगा कि हमें इन्हें अस्पताल ले जाना चाहिए। आरोपी को सख्त से सख्त सजा होनी चाहिए। दोनों ने पहले लव मैरिज की थी। इसे लेकर पहले परिवार से कुछ अनबन चल रही थी, लेकिन समय के साथ दोनों परिवार मान गए थे।

क्षत-विक्षत हालात में मिला शव
पुलिस ने बताया कि सड़क पर रगड़ के कारण युवक के शरीर की हड्डियां भी दिखाई दे रही थीं। युवक के सीने का एक हिस्सा भी सड़क पर गिरा था। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद चालक होश में था और डर के मारे उसने कार नहीं रोकी। कडोदरा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि वीडियो बनाने वाले युवक के काम को प्रोत्साहित करने के लिए उसे गुजरात राज्य सरकार की पहल के तहत सम्मानित किया जाएगा।दिल्ली के कंझावला हादसे से पहले के दो वीडियो सामने आए थे। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि पहले वीडियो में एक लड़का स्कूटी चलाता दिख रहा है, पीछे निधि और अंजलि बैठी हैं। यह लड़का इन्हें गली के बाहर छोड़ देता है। अंजलि के हाथ में मोबाइल है और वो कुछ देर लड़के से बात भी करती है।