कार में शादी को लेकर हुआ झगड़ा, मोबाइल चार्जर से घोंटा गला

कार में शादी को लेकर हुआ झगड़ा, मोबाइल चार्जर से घोंटा गला

(रणभेरी): दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसी एक और वारदात सामने आई है। साहिल गहलोत ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका का गला घोंटकर उसकी हत्या की. फिर उसने अपनी प्रेमिका के शव को अपने ढाबे के एक रेफ्रिजरेटर में रख दिया और उसी दिन दूसरी महिला से शादी कर ली। हालांकि साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना का खुलासा वैलेंटाइन डे के दिन हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।  पुलिस के मुताबिक, 9 फरवरी की शाम को शादी को लेकर निक्की और साहिल गहलोत का कार में झगड़ा हुआ था। बात इतनी बिगड़ गई की गुस्साए साहिल ने कश्मीरी गेट स्थित ISBT पर मोबाइल चार्जर की केबल (तार) से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद 35 किमी दूर मित्रांव गांव पहुंचा। साहिल ने यहां अपने ढाबे के फ्रिज में निक्की का शव छिपा दिया। साहिल निक्की की लाश को ठिकाने लगा पाता इससे पहले ही किसी ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने 10 फरवरी को ही यहां से लाश बरामद कर ली। क्राइम ब्रांच ने साहिल को मंगलवार को अरेस्ट किया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, निक्की का शव पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया है।

DCP क्राइम ब्रांच सतीश कुमार ने बताया कि साहिल की शादी परिवार ने कहीं और तय कर दी थी। 10 फरवरी को शादी थी। यह बात निक्की को 9 फरवरी को पता चली। इसी दिन दोनों ने गोवा जाने का प्लान बनाया था, लेकिन साहिल ने जाने से इनकार कर दिया। फिर दोनों को झगड़ा हुआ। इसके बाद शाम को साहिल ने निक्की को बुलाया और दोनों कार से घूमने निकल गए। दोनों ISBT कश्मीरी गेट के पास पहुंचे। यहां फिर से उनका झगड़ा हुआ और गुस्साए साहिल ने कार में ही मोबाइल केबल से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद साहिल निक्की की लाश को लेकर दिल्ली की सड़कों पर घूमता रहा है। फिर वहनजफगढ़ होते हुए अपने गांव मित्रांव गांव पहुंचा। ISBT से यहां की दूरी करीब 35 किमी है। साहिल ने लाश यहां अपने ढाबा के फ्रिज में छुपा दी और घर चला गया। इसके बाद घरवालों के कहने पर 10 फरवरी को दूसरी लड़की से शादी कर ली। साहिल ने उस वक्त फंस गया, जब किसी ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने साहिल के ढाबे के फ्रिज से निक्की की लाश 10 फरवरी को ही बरामद कर ली थी। साहिल का ढाबा गांव वाले घर से 700 मीटर की दूरी पर है। सूत्रों के मुताबिक, शादी के बाद वह लाश को ठिकाने लगाने वाला था, लेकिन 14 फरवरी को पकड़ा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निक्की के पिता सुनील की शनिवार से बेटी से बात नहीं हुई तो उन्होंने बेटी की दोस्त को फोन किया। उससे पता चला कि निक्की बिंदापुर वाले घर पर नहीं है। उसे आखिरी बार साहिल के साथ देखा गया था। सुनील ने एक दोस्त से साहिल का नंबर लिया।

निक्की-साहिल की मुलाकात 2018 में कोचिंग में हुई थी। साहिल स्कूल के बाद जनवरी 2018 में उत्तम नगर की करियर पॉइंट कोचिंग में SSC एग्जाम की तैयारी करने लगा। इस दौरान निक्की ने उत्तम नगर के ही आकाश इंस्टीट्यूट में मेडिकल एंट्रेस एग्जाम की तैयारी शुरू की थी। दोनों एक ही बस में आते-जाते थे। दोनों में दोस्ती हुई और बाद में प्यार हो गया। साहिल ने फरवरी 2018 में ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया कॉलेज में डी. फार्मा में एडमिशन लिया और निक्की ने भी इसी कॉलेज में बीए (इंग्लिश ऑनर्स) जॉइन किया। इसके बाद दोनों ग्रेटर नोएडा में किराए के मकान में साथ रहने लगे।निक्की का लिव इन पार्टनर ने कत्ल कर लाश फ्रिज में रखी, वह हरियाणा के झज्जर के गांव खेड़ी खुम्मार की रहने वाली थी। निक्की 1999 के ऑपरेशन विजय यानी कारगिल वार में शामिल रहे जवान प्रवीण यादव की भतीजी है। निक्की की हत्या का पता चलने के बाद गांव में शोक की लहर है।