काशी को मिली एक और वंदे भारत

काशी को मिली एक और वंदे भारत

वाराणसी(रणभेरी) ।पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को मंगलवार को  तीसरी वंदेभारत ट्रेन की सौगात दी। बनारस से रांची चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का सुबह नौ बजे आगाज हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन का वर्चुअली उद्घाटन किया। ट्रेन रांची से चल कर लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, गढ़वारोड, पीडीडीयू स्टेशन होते हुए आठ घंटे में बनारस पहुंचेगी, जिसका बनारस स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा। पीएम मोदी बनारस रेलवे स्टेशन पर ह्यएक स्टेशन एक उत्पाद' और प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र आउटलेट का भी लोकार्पण किया। बनारस रेल कारखाना में लोको शेड/पिट लाइन/कोचिंग डिपो का शिलान्यास किया। वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर स्थापित रेल कोच रेस्टोरेंट का लोकार्पण भी किया।

एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉलों का लोकार्पण 

एनईआर वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि बनारस रेलवे स्टेशन, सारनाथ एवं वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशनों पर एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉलों का लोकार्पण पीएम ने वर्चुअली किया। इसके साथ ही बनारस स्टेशन पर प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र और वाराणसी सिटी स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का भी लोकार्पण किया।
बनारस पर ब्लैक पॉटरी, लकड़ी के खिलौनों और बनारसी सादी, सारनाथ स्टेशन पर फ़ूड प्रोडक्ट (मिठाई) समेत मौसमी फल एवं वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर फ़ूड प्रोडक्ट्स(पापड़) मूंग के लड्डू,लकड़ी के खिलौने व साड़ी का स्टॉल लगाया गया है। जिससे यात्रियों को स्टेशन पर ही सजावटी सामान परिधान एवं अल्पाहार उपलब्ध हो रहा है। तीनों स्टेशनों पर लाइव प्रसारण का इंतजाम किया गया है।

वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (ओएसओपी) योजना शुरू

एनईआर के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि रेल मंत्रालय ने ह्यवोकल फॉर लोकल दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए ह्यवन स्टेशन वन प्रोडक्ट (ओएसओपी) योजना शुरू की है। बनारस स्टेशन पर इसके लिए स्टॉल बनाए गए हैं। रेलवे स्टेशनों पर बिक्री आउटलेट के प्रावधान के माध्यम से काशी के कारीगरों, कुम्हारों, बुनकरों/हथकरघा बुनकरों, शिल्पकारों आदि को आजीविका के बेहतर अवसर प्रदान करना है। स्टालों में भगवान कृष्ण की पीतल की मूर्ति और फोटो फ्रेम, कालीन, चिकन जरी जरदोजी परिधान, कृषि हर्बल उत्पाद, टेराकोटा की कलाकृतियां, जूट उत्पाद, अचार, जैम, जेली, केचप, काला नमक चावल, ब्लैक पॉटरी, लकड़ी के खिलौने और केले के फाइबर उत्पाद आदि सहित विभिन्न प्रकार के उत्पाद शामिल हैं।

वाराणसी के खाते में चार वंदे भारत 

देश की सेमी हाईस्पीड वंदे भारत की संख्या वाराणसी में  अब चार हो गईं। पहले से नई दिल्ली-वाराणसी रूट पर दो वंदे भारत चल रहीं हैं। अब 12 मार्च से प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बिहार की राजधानी पटना और झारखंड की राजधानी रांची-वाराणसी रूट पर दो और नई वंदे भारत ट्रेन का संचालन हो गया। इस तरह वाराणसी के खाते में चार वंदे भारत ट्रेन आ गईं। चार वंदे भारत ट्रेन के संचालन वाला कैंट स्टेशन पूर्वांचल का पहला स्टेशन बन गया। जबकि पीडीडीयू नगर दूसरे नंबर पर है, पीडीडीयूनगर से सिर्फ दो ही वंदे भारत आवाजाही करेंगी। 

आने-जाने का समय

ट्रेन संख्या 20887 रांची-वाराणसी वंदे भारत रांची स्टेशन से सुबह 5.10 बजे खुलेगी। दोपहर 1 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 20888 वाराणसी-रांची वंदे भारत शाम 4.05 बजे कैंट स्टेशन से खुलेगी और रात 11.35 बजे रांची स्टेशन पहुंचेगी। गुरुवार को ट्रेन नहीं चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22345/46 पटना-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस पटना से सुबह 6.05 बजे खुलेगी, वाराणसी कैंट स्टेशन पर सुबह 9.30 बजे, अयोध्या धाम स्टेशन 12.25 बजे होते हुए 2.45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में उसी दिन लखनऊ से अपराह्न 3.20 बजे खुलेगी और 5.20 बजे अयोध्या, रात 8.15 बजे वाराणसी कैंट, 8.50 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्टेशन और रात 11.45 बजे पटना स्टेशन पहुंचेगी।