इंदौर में कन्यापूजन के दौरान बावड़ी की छत ढहने से 36 लोगों की मौत

इंदौर में कन्यापूजन के दौरान बावड़ी की छत ढहने से 36 लोगों की मौत

(रणभेरी): मध्यप्रदेश के इंदौर में रामनवमी पर एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के पटेल नगर इलाके में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में बावड़ी की छत धंसने से वहां मौजूद 50 से अधिक लोग बावड़ी में गिर गए। घटना में 36 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह सीएम शिवराज सिंह चौहान घायलो का हाल जानने के लिए एप्पल अस्पताल पहुंचे। उनके साथ गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, तुलसी सिलावट, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ भी पहुंची।

बेलेश्वर मंदिर हादसे में 36 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। करीब सभी शव निकाले जा चुके हैं। एक व्यक्ति जिसके लापता होने की बात कही जा रही थी, उसका भी शव बावड़ी से बरामद कर लिया गया है। रात 11:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में आर्मी और एनडीआरएफ की टीम ने नगर निगम के अमले की मदद से बावड़ी से करीब 20 लोगों के शव निकाले बाहर निकाले थे। वही पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने मामले की जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि मंदिर में बावड़ी के ऊपर स्लैब कैसे डल गया, किसकी इजाजत से डला। मामले में निष्पक्ष जांच होना चाहिए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे में मृतकों को पांच लाख और घायलों को पचास हजार देने की घोषणा की है। वहीं, पीएम राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वालों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने हादसे को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। मंदिर के अध्यक्ष और सचिव पर गैर इरादन हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी की हादसे को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की थी, उन्होंने हादसे पर शोक व्यक्त किया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इंदौर में हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

इस हादसे में मरने वालों में 15 से ज्यादा महिलाएं, 10 से अधिक पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। इनमें से एक डेढ़ साल का बच्चा है, जिसका नाम हितांश है। घायलों को पास के एप्पल हॉस्पिटल में इलाज के लिए भेजा गया है। जबकि गंभीर घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है। इंदौर कलेक्टर इलैयाराजा ने जिम्मेदारों पर कठोरतम धाराओं में केस दर्ज करने और कार्रवाई की बात कही है। घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कलेक्टर के अनुसार फिलहाल 16 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। दो लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

इस हादसे को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि इंदौर में हुई दुर्घटना अत्यंत दु:खद है, मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से सबकी कुशलता के साथ घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है। साथ ही हादसे पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी शोक जताया है। ट्वीट में राहुल ने लिखा है कि इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में उत्सव के दौरान हुए हादसे की खबर बहुत दुखद है। घटना में जिनकी मृत्यु हुई, उनके परिजनों को मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। वहीं प्रियंका ने लिखा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव मदद करें।