जारी होगा 250 रुपये का सिक्का, जानें क्या होगी खासियत

जारी होगा 250 रुपये का सिक्का, जानें क्या होगी खासियत

(रणभेरी): महान समाज सुधारक राजा राम मोहन राय की 250वीं जयंती पर भारत सरकार ने 250 रुपये की कीमत का एक सिक्का जारी करने का फैसला किया है। वित्त मंत्रालय ने 4 जुलाई यानी सोमवार को इसके लिए एक अधिसूचना जारी की। केंद्र सरकार ने सिक्का अधिनियम 2011 की धारा 24 की उप-धारा 2 के खंड (डी) और (ई) द्वारा प्रदत्त अपनी शक्ति का प्रयोग करते हुए पहले ही विशिष्ट आयाम, रचना, शीर्षक, डिज़ाइन और वजन को लेकर आदेश दिया है। सरकारी राजपत्र में इस बात की जानकारी दी गई है। सिक्के का वजन लगभग 35 ग्राम होगा। कई धातुओं से मिलाकर इसे बनाया जाएगा।

सिक्के के जानकारी देते हुए कहा कि यह लगभग 44 मिलीमीटर व्यास (डायमीटर) का होगा। जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, और 5 प्रतिशत निकेल और जस्ता का मिश्रण होगा। सिक्के के मुख पर अशोक स्तंभ का सिंह कैपिटल होगा, जिसके नीचे हिंदू में 'सत्यमेव जयते' और बाईं ओर देवनागरी लिपि में 'भारत' शब्द अंकित होगा, जबकि 'इंडिया' शब्द अंग्रेजी में दाईं ओर होगा।सिक्के के किनारे पर लायन कैपिटल के नीचे '₹' का चिन्ह और अंतरराष्ट्रीय अंकों में 250 रुपये का मूल्य भी होगा। 

राजा राम मोहन राय का जन्म 22 मई 1772 को हुआ था। राजा राम मोहन राय एक भारतीय सुधारक और 1828 में ब्रह्म सभा के संस्थापक थे। वह भारतीय उपमहाद्वीप में प्रसिद्ध सामाजिक-धार्मिक सुधार आंदोलन के पीछे थे।राम मोहन राय राजनीति, लोक प्रशासन, शिक्षा और धर्म सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी अग्रणी थे। इसके अलावा, वह 'सती' और बाल विवाह की प्रथाओं को खत्म करने के अपने प्रयासों के लिए जाने जाते थे और उन्हें "बंगाल पुनर्जागरण का जनक" माना जाता है।