धोखेबाज प्रेमी : इतने साल का प्यार, फिर जबरन गर्भपात और अब छोड़कर फरार, पुलिस ढूंढ रही

धोखेबाज प्रेमी : इतने साल का प्यार, फिर जबरन गर्भपात और अब छोड़कर फरार, पुलिस ढूंढ रही

मिर्जापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवती ने दावा किया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर 8 वर्षों तक लिव-इन में रखा, शारीरिक शोषण किया और चार बार जबरन गर्भपात कराया। अब वह उसे छोड़कर फरार हो गया है।

2018 में हुई थी मुलाकात, फिर साथ रहना शुरू किया

कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करने वाली आरती (बदला हुआ नाम) की मुलाकात 2018 में विनय प्रकाश उर्फ नीरज कुमार श्रीवास्तव से हुई थी। विनय रेनुकूट स्थित हिंडाल्को में काम करता है। युवती के अनुसार, दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन में रहने लगे। विनय ने उसे राजगढ़ कस्बे में किराए के मकान में रखा था।

शादी का झांसा, 4 बार गर्भपात का आरोप

आरती का आरोप है कि विनय ने शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण किया और जब वह गर्भवती हुई तो चार बार जबरन दवाएं खिलाकर गर्भपात करा दिया। युवती ने बताया कि जब भी उसने शादी की बात की, विनय अपने बड़े भाई की शादी का बहाना बनाकर टालता रहा।

आरती ने बताया कि विनय उसे हाल ही में जबरन गर्भपात कराकर राजगढ़ के उसी किराए के मकान में छोड़कर फरार हो गया। युवती ने राजगढ़ थाने में तहरीर दी है। साथ ही एक निजी अस्पताल पर भी जबरदस्ती गर्भपात कराने का आरोप लगाया है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश शुरू
 

राजगढ़ थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए मेडिकल और साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।