पंजाब में फिर साथ आए अकाली दल और बीजेपी, 2027 विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे; पीएम मोदी ने किया स्वागत

पंजाब में फिर साथ आए अकाली दल और बीजेपी, 2027 विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे; पीएम मोदी ने किया स्वागत

(रणभेरी): पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। करीब छह साल बाद शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव गठबंधन के तहत लड़ने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत करते हुए इसे पंजाब के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सर्वोपरि है। उन्होंने लिखा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी से उन्हें बेहद खुशी है।

पीएम मोदी ने गठबंधन को स्वाभाविक बताते हुए कहा कि इससे पंजाब को जनहितैषी शासन मिलेगा और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल द्वारा मजबूत किया गया अकाली दल-बीजेपी गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। उन्हें विश्वास है कि आगामी चुनाव में यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगा।

अमित शाह और सुखबीर बादल ने किया गठबंधन का ऐलान

नई दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा की। इस दौरान अमित शाह ने स्पष्ट किया कि गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा अकाली दल से होगा।

अमित शाह ने कहा कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि मुख्यमंत्री पद भी बड़े भाई यानी अकाली दल के हिस्से में रहेगा। दोनों पार्टियां पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। शाह ने कहा कि एनडीए का पुराना साथी एक बार फिर परिवार में लौट आया है।

2020 में कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था गठबंधन

गौरतलब है कि बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल पुराना था। नवंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद गहरा गए थे। इसके बाद अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था।
अब करीब छह साल बाद दोनों पार्टियों ने फिर से हाथ मिला लिया है। इस गठबंधन को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। दोनों दलों के साथ आने से राज्य में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *