यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन का सीट गणित उलझा, 125 के मुकाबले सपा ने दिया 26 सीटों का प्रस्ताव

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन का सीट गणित उलझा, 125 के मुकाबले सपा ने दिया 26 सीटों का प्रस्ताव

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीटों का गणित उलझता नजर आ रहा है। कांग्रेस जहां प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 125 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, वहीं समाजवादी पार्टी ने फिलहाल कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का विकल्प दिया है। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सहमति बनाने की कोशिश जारी है।

इसी सिलसिले में दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं के बीच दूसरे दौर की बैठक हो रही है। बैठक में सीट बंटवारे के फार्मूले पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि मांगने और सहयोग करने में फर्क होता है। गठबंधन में मांगना नहीं होता, बल्कि आपसी सहयोग की भावना होनी चाहिए।

वहीं, सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि बैठक में जो बात कहनी थी, वह पहले ही रखी जा चुकी है। उन्होंने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि अब आगे की बातचीत की जाएगी। सपा नेता राजीव राय ने भी 26 सीटों की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सीटों की सूची दी गई है और इन पर चर्चा होगी।

इस बीच सपा नेता इकरा हसन ने भी बातचीत को सकारात्मक बताया। राम गोपाल यादव के आवास पर पहुंचीं इकरा हसन ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पक्ष अपनी-अपनी ओर से प्रस्ताव रखेंगे। बातचीत इसी आधार पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का नेतृत्व और सभी नेता मिलकर अंतिम फैसला लेंगे।

इकरा हसन के मुताबिक, गठबंधन को लेकर बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। इसमें एक-दो दिन और लग सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चर्चा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी और दोनों दल आपसी सहमति से कोई रास्ता निकाल लेंगे।

125 सीटों की मांग पर अड़ी कांग्रेस, सपा का अपना गणित

दरअसल, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 125 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। दूसरी ओर, सपा इतनी बड़ी संख्या में सीटें देने के पक्ष में फिलहाल नजर नहीं आ रही है। पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का विकल्प दिए जाने से दोनों दलों के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है। अब सबकी नजर प्रमोद तिवारी के आवास पर हो रही दूसरे दौर की बैठक पर टिकी है। देखना होगा कि कांग्रेस की 125 सीटों की मांग और सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव के बीच कोई बीच का रास्ता निकलता है या फिर सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत और लंबी खिंचती है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *