(रणभेरी): टीवी शो ‘अपोलीना- सपनों की उड़ान’ में नजर आ रहीं एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अभिनेत्री ने मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में दी गई शिकायत में पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, अदिति ने पति पर कथित तौर पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और उनके चरित्र पर सवाल उठाने जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
ऑनलाइन एक्टिंग क्लास से शुरू हुई थी दोनों की कहानी
अदिति की शिकायत के मुताबिक, उनकी मुलाकात अभिनीत से जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर रिश्ता आगे बढ़ा। करीब तीन साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने परिवार की सहमति से 12 नवंबर 2024 को शादी की।
बताया गया है कि शादी से पहले सितंबर 2024 से ही दोनों गोरेगांव स्थित एक फ्लैट में साथ रह रहे थे। हालांकि, अभिनेत्री का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति के व्यवहार में बदलाव आने लगा।

कपड़ों और निजी बातों को लेकर विवाद का आरोप
अदिति ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि शादी के बाद अभिनीत छोटी-छोटी बातों को लेकर उनसे बहस करने लगे। अभिनेत्री के अनुसार, उनके कपड़ों को लेकर भी पति आपत्ति जताते थे और अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर का खर्च वह खुद संभाल रही थीं, लेकिन इसके बावजूद पति उनसे बार-बार पैसों की मांग करते थे।
शिकायत में एक घटना का जिक्र करते हुए अदिति ने कहा कि 1 जनवरी 2025 को कॉफी पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था। अभिनेत्री का आरोप है कि इस दौरान पति ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उनके चरित्र को लेकर सवाल उठाए।
फोन चेक करने और रिश्तों पर शक करने का लगाया आरोप
अदिति ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि पति उन पर बार-बार दूसरे पुरुषों से संबंध होने का शक करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिनीत उनका मोबाइल फोन भी चेक करते थे और उनकी निजी जिंदगी पर नजर रखते थे।अभिनेत्री ने यह भी शिकायत की है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच दूरी बढ़ गई थी और वे अलग-अलग रहने व सोने लगे थे।
गहने वापस नहीं करने का भी आरोप
शिकायत में अदिति ने ससुराल पक्ष पर उनके गहने अपने पास रखने का आरोप भी लगाया है। अभिनेत्री के मुताबिक, शादी के बाद उनके कई गहने, जिनमें सोने की चेन, सोने और हीरे की अंगूठियां, मंगलसूत्र और चूड़ियां शामिल हैं, सास उर्मिला कौशिक ने अपने पास रख लिए। अदिति का दावा है कि कई बार मांगने के बावजूद उन्हें उनके गहने वापस नहीं किए गए।

पति अभिनीत ने पहले लगाए थे अलग आरोप
अदिति की शिकायत सामने आने से पहले उनके पति अभिनीत कौशिक ने भी अभिनेत्री पर कुछ आरोप लगाए थे। एक इंटरव्यू में अभिनीत ने दावा किया था कि शादी को लेकर दोनों के बीच मतभेद थे और उनका कहना था कि वह शुरुआत में शादी के लिए तैयार नहीं थे।
अभिनीत ने यह भी कहा था कि दोनों ने परिवार की मौजूदगी में शादी की थी और उनके पास शादी से जुड़े कई फोटो मौजूद हैं। उनके अनुसार, उस समय अदिति अपने शो ‘अपोलीना’ की शूटिंग शुरू कर रही थीं।
को-स्टार को लेकर भी सामने आए थे आरोप
अभिनीत की ओर से यह भी दावा किया गया था कि अदिति और उनके को-स्टार समर्थ गुप्ता के बीच करीबी संबंध थे। उनके कानूनी सलाहकार ने बातचीत में आरोप लगाया था कि अभिनीत ने एक बार दोनों को घर में साथ देखा था। हालांकि, इन आरोपों पर अभिनेत्री की ओर से क्या प्रतिक्रिया आई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल गोरेगांव पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।
