बहराइच में जलपरी शो का टैंक फटा, 15 लोग घायल; चार बच्चे भी जख्मी

बहराइच में जलपरी शो का टैंक फटा, 15 लोग घायल; चार बच्चे भी जख्मी

20 हजार लीटर पानी के तेज बहाव से टूटी कांच की दीवार, मची भगदड़; दो बच्चों की हालत गंभीर, शो संचालक समेत चार हिरासत में

(रणभेरी): बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के खालिदपुर गांव में सोमवार रात उर्स मेले के दौरान जलपरी शो में बड़ा हादसा हो गया। शो के लिए बनाए गए पानी से भरे टैंक में अचानक तेज धमाके के साथ दरार आ गई और करीब 20 हजार लीटर पानी तेज बहाव के साथ बाहर निकल आया। पानी के दबाव से टैंक की कांच की दीवार टूट गई। अचानक हुए हादसे से मेले में भगदड़ जैसे हालात बन गए। पानी के तेज बहाव में बच्चे कई मीटर तक बह गए, जबकि कांच के टुकड़े लगने से चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए।

हादसा रात करीब नौ बजे उस समय हुआ, जब लोग जलपरी शो देख रहे थे। टैंक में एक लड़की मछली जैसी पोशाक पहनकर करतब दिखा रही थी। इसी दौरान अचानक टैंक फट गया। कांच टूटने से उसके टुकड़े दर्शकों के चेहरे और सिर में जा धंसे। घायलों में अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) की हालत अधिक गंभीर बताई गई है। सभी खालिदपुर गांव के रहने वाले हैं।

दो बच्चों को किया गया रेफर

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फखरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो बच्चों को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। उनके सिर और चेहरे में कांच के कई टुकड़े धंसे हुए हैं। हादसे में शो में करतब दिखा रही जलपरी भी घायल हुई है।

बहराइच में जलपरी शो का टैंक फटा, 15 लोग घायल; चार बच्चे भी जख्मी

50 रुपये का टिकट लेकर शो देखने गया था परिवार

प्रत्यक्षदर्शी खालिदपुर निवासी सलीम खान ने बताया कि सोमवार से दादा मियां के उर्स का मेला शुरू हुआ था। वह अपने परिवार के साथ मेला देखने पहुंचे थे। जलपरी शो देखने के लिए उन्होंने 50 रुपये का टिकट लिया था। सलीम के मुताबिक, शो चल रहा था और लड़की टैंक के अंदर करतब दिखा रही थी। तभी अचानक तेज आवाज के साथ टैंक फट गया। उस समय मौके पर करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे। देखते ही देखते पानी बाहर निकलने लगा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

बहराइच में जलपरी शो का टैंक फटा, 15 लोग घायल; चार बच्चे भी जख्मी

बिना अनुमति के लगाया गया था शो

थाना प्रभारी फखरपुर राजकुमार राजभर के मुताबिक, जलपरी शो के आयोजन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। उर्स कमेटी के अध्यक्ष वाजिद खान और शो संचालक शादाब समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेला कमेटी के अध्यक्ष और जलपरी शो संचालक समेत चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में टैंक में पानी का दबाव अधिक होने के कारण उसके फटने की बात सामने आई है।

पहली बार लगाया गया था जलपरी शो

खालिदपुर गांव में हर साल नवंबर में दादा मियां के उर्स के अवसर पर तीन दिवसीय मेला आयोजित होता है। इस बार मेले में पहली बार जलपरी शो लगाया गया था। शो के लिए करीब 20 फीट लंबे और 10 फीट चौड़े टैंक में 20 हजार लीटर पानी भरा गया था। टैंक के सामने दर्शकों के लिए कांच की दीवार लगाई गई थी। इसी दीवार के टूटने से पानी और कांच के टुकड़े दर्शकों की ओर तेजी से आए और हादसे में बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *