16 साल बाद भारत को अलविदा, ‘बिग बॉस’ फेम मंदाना करीमी ने छोड़ा देश, कहा– नया देश, नई शुरुआत

16 साल बाद भारत को अलविदा, ‘बिग बॉस’ फेम मंदाना करीमी ने छोड़ा देश, कहा– नया देश, नई शुरुआत

(रणभेरी):  बॉलीवुड और रियलिटी शोज़ के जरिए पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मंदाना करीमी ने भारत को अलविदा कह दिया है। लगभग 16 साल तक देश में रहने के बाद उन्होंने एक भावुक वीडियो साझा करते हुए बताया कि वह अब एक नई शुरुआत के लिए दूसरे देश जा रही हैं।

सोशल मीडिया पर आयोजित ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान एक फैन ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने मुंबई हमेशा के लिए छोड़ दिया है। इसी सवाल के जवाब में उन्होंने एयरपोर्ट से एक वीडियो पोस्ट करते हुए अपने फैसले की पुष्टि की।

वीडियो में भावुक नजर आईं मंदाना ने कहा कि उन्हें कभी नहीं लगा था कि वह ऐसा दिन देख पाएंगी जब भारत छोड़ने की बात कहेंगी। उन्होंने इसे अपने लिए बेहद कठिन पल बताते हुए कहा कि भारत में लंबे समय तक रहने के बाद यह जगह उनके लिए ‘दूसरे घर’ जैसी थी, लेकिन अब परिस्थितियां उन्हें आगे बढ़ने पर मजबूर कर रही हैं।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह अब नए देश में नए जीवन की शुरुआत करने जा रही हैं, जहां सब कुछ उनके लिए बिल्कुल नया होगा।

सुरक्षा और विवादों के बीच लिया फैसला

मंदाना करीमी ने हाल के समय में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उनका कहना था कि पिछले कुछ महीनों में मुंबई में उन्हें काफी अकेलापन महसूस हुआ और कुछ व्यक्तिगत व वैचारिक कारणों के चलते उनके रिश्तों पर भी असर पड़ा।

उन्होंने ईरान से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी थी और विरोध प्रदर्शनों में भी भाग लिया था। इसी को लेकर उन्होंने दावा किया कि उन्हें कई पुराने परिचितों और मित्रों से दूरी बनानी पड़ी।

एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें महसूस हुआ कि उनके विचारों और गतिविधियों के कारण परिस्थितियां उनके खिलाफ हो गईं, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस करने लगीं।

16 साल बाद भारत को अलविदा, ‘बिग बॉस’ फेम मंदाना करीमी ने छोड़ा देश, कहा– नया देश, नई शुरुआत

ईरान से भी वापसी संभव नहीं

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि वह अपने जन्मदेश ईरान भी वापस नहीं जा सकतीं। उनके अनुसार, लगभग एक दशक पहले उन पर वहां प्रतिबंध लगाया गया था, जिसके चलते उनके लिए वहां लौटना संभव नहीं है।

विवादों में रही हैं सक्रियता

पिछले दिनों मंदाना उस समय चर्चा में आई थीं जब उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता से जुड़े एक मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिली थीं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि अपने राजनीतिक और सामाजिक रुख के कारण उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिला, जिससे उनका मानसिक दबाव बढ़ा।

करियर और निजी जीवन

तेहरान में जन्मी मंदाना करीमी साल 2010 में मॉडलिंग के सिलसिले में भारत आई थीं। इसके बाद उन्होंने मुंबई को अपना ठिकाना बना लिया और धीरे-धीरे फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में पहचान बनाई।

उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, जिनमें क्या कूल हैं हम 3, मैं और चार्ल्स और भाग जॉनी शामिल हैं। इसके अलावा रियलिटी शोज़ बिग बॉस 9 और लॉकअप ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई।

निजी जीवन की बात करें तो साल 2017 में उन्होंने भारतीय व्यवसायी गौरव गुप्ता से विवाह किया था, हालांकि यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका और 2021 में दोनों का तलाक हो गया। इस दौरान उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए थे, जिनमें घरेलू हिंसा और दबाव जैसे मुद्दों का जिक्र शामिल रहा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *