संदिग्ध परिस्थितियों में दिव्यांग की जलकर मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

संदिग्ध परिस्थितियों में दिव्यांग की जलकर मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

(रणभेरी): जिले के दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिव्यांग व्यक्ति की आग में झुलसकर मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मामला बक्सूपुर मजरा मीन नगर गांव का है, जहां 40 वर्षीय दिव्यांग किसान बलराम की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। बताया गया कि घटना गांव में स्थित मकान से कुछ दूरी पर बने आहते में हुई। देर रात अचानक आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आग भयावह रूप ले चुकी थी और बलराम को बचाया नहीं जा सका।

परिजनों का कहना है कि यह घटना एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है, हालांकि जिस स्थान पर आग लगने की बात सामने आई है, उसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

सूचना मिलने पर दरियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *