(रणभेरी): नगवा क्षेत्र में सोमवार सुबह से गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण सैकड़ों परिवारों के घरों में चूल्हे नहीं जल सके।खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित, दोपहर तीन बजे तक नहीं सुधरी व्यवस्था; नागरिकों में आक्रोश रहा। ट्रॉमा सेंटर के सामने शिवप्रसाद गुप्त लेन सहित आसपास के इलाकों में खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस का रिसाव हुआ, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से गैस कनेक्शन बंद कर दिए गए।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, बिजली विभाग और गेल गैस की पाइपलाइन के बीच समुचित समन्वय के अभाव में खुदाई का कार्य किया गया, जिससे गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा और क्षेत्र में गैस आपूर्ति ठप हो गई। सुबह से ही लोगों ने संबंधित विभागों से शिकायत कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की, लेकिन दोपहर तीन बजे तक भी गैस आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
गैस आपूर्ति बाधित होने से अनेक परिवारों को भोजन बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और कामकाजी परिवारों को काफी दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभागों के बीच पहले से समुचित तालमेल होता और खुदाई से पहले भूमिगत पाइपलाइनों की स्थिति की जानकारी ली जाती तो इस प्रकार की समस्या से बचा जा सकता था।
घटना को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में तीखा आक्रोश देखा गया। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या के समाधान में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। नागरिकों ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी आबादी प्रभावित होने के बावजूद संबंधित विभागों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप क्यों नहीं किया गया।स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गैस पाइपलाइन, बिजली और अन्य भूमिगत सेवाओं से जुड़े कार्यों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में खुदाई के दौरान ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। नागरिकों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन उनका संचालन इस प्रकार होना चाहिए कि उससे आमजन की मूलभूत सुविधाएं बाधित न हों।
